Thursday, Sep 03

होम = State = ‘Will You Marry Me’ से सजा था होटल का कमरा, कुछ घंटे बाद प्रेमिका की लाश और खून से लथपथ मिला प्रेमी

‘Will You Marry Me’ से सजा था होटल का कमरा, कुछ घंटे बाद प्रेमिका की लाश और खून से लथपथ मिला प्रेमी

Nagpur Hotel Death Case: महाराष्ट्र के नागपुर के मनीषनगर स्थित एक होटल में प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत हो गया। 28 वर्षीय शिवानी राजनंद गजभिए की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 40 वर्षीय शादीशुदा रेलवे कर्मचारी किरण कुमार गंभीर हालत में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शादी के प्रस्ताव की थी तैयारी

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे शिवानी और किरण होटल स्टेरियस पहुंचे और कमरा नंबर 302 लिया। शाम करीब 7 बजे किरण ने अपने दोस्तों को फोन कर कहा कि यह दिन उसके लिए बेहद खास है और वह उनसे आखिरी बार मिलना चाहता है। इसके बाद दोस्तों को शक हुआ और वे रात करीब 9 बजे होटल पहुंचे। कमरा अंदर से बंद था। होटल प्रबंधन की मदद से दरवाजा खुला तो अंदर दोनों खून से लथपथ मिले। शिवानी की गर्दन पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे और उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं किरण के शरीर पर भी चाकू के वार मिले। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कमरे में मिले गुलाब और 'Will You Marry Me'

कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को गुलाब के फूल, 'Will You Marry Me' लिखा संदेश और एक नई साड़ी मिली। इससे आशंका है कि किरण ने शिवानी को शादी का प्रस्ताव देने की तैयारी की थी।

लंबे समय से था दोनों के बीच संबंध

जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। बताया जाता है कि किरण पहले शिवानी के परिवार के संपर्क में था। दोनों की नजदीकियों का परिवार ने विरोध भी किया था। करीब तीन साल पहले किरण की शादी करा दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा।

विवाद के बाद हुआ हमला

पुलिस को शिवानी के हाथ में भी चाकू मिला है। शुरुआती जांच में आशंका है कि किसी विवाद के दौरान शिवानी ने पहले किरण पर हमला किया और बाद में किरण ने उस पर वार किया। हालांकि, घटना की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल पुलिस ने होटल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शादी के प्रस्ताव की तैयारी वाला माहौल आखिर इतनी जल्दी खूनी वारदात में कैसे बदल गया।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/pawan-singh-first-wife-neelam-singh-emotional/