Monday, Aug 31

होम = News Big = कैसे नेपाली शिक्षक की सूझबूझ ने भीषण बाढ़ से बचाई 1,643 बच्चों की जान

कैसे नेपाली शिक्षक की सूझबूझ ने भीषण बाढ़ से बचाई 1,643 बच्चों की जान

Nepal: नेपाल की त्रिशूली घाटी में बुधवार को आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड के बीच त्रिभुवन त्रिशूली सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल राजेंद्र दवाड़ी की सूझबूझ ने 1,643 बच्चों की जान बचा ली। सुबह 9:20 बजे एक दोस्त ने 47 वर्षीय दवाड़ी को फोन कर कहा, “गांव नदी में बह गया है, भागो।” उस वक्त बच्चे तीन मंजिला स्कूल और आसपास मौजूद थे।

घंटी बजाकर कराया स्कूल खाली

बाढ़ तेजी से बढ़ रही थी। शुरुआत में दवाड़ी को लगा कि करीब 60 मीटर ऊंचाई पर बना कंक्रीट का स्कूल सुरक्षित है। लेकिन एक अभिभावक ने पानी तेजी से बढ़ने की जानकारी दी। दवाड़ी ने तुरंत स्कूल की घंटी बजाई, शिक्षकों को कक्षाएं खाली करने को कहा और बस चालकों को फोन किया। एक बस को छोड़कर बाकी को वापस लौटने को कहा गया। बच्चे पैदल भागे, जबकि एक छात्रा को घबराहट का दौरा पड़ने पर मोटरसाइकिल से ऊंचाई पर ले जाया गया। बाद में बच्चों ने बोधि वृक्ष के नीचे शरण ली और बाढ़ ने स्कूल की इमारतें बहा दीं।

दो कर्मचारियों की मौत

दवाड़ी की तत्परता से 1,643 बच्चे और शिक्षकों में से लगभग सभी बच गए। सामाजिक इतिहास के शिक्षक 32 वर्षीय संतोष परियार नदी किनारे अपने किराए के कमरे में नाश्ता बनाने लौटे थे और बह गए। स्कूल के सफाईकर्मी सुल्तान लामा की भी दरवाजे बंद करने लौटने के दौरान मौत हो गई।

ग्लेशियर टूटने से आई तबाही

दवाड़ी को स्थानीय लोग हीरो बता रहे हैं, लेकिन उनका कहना है, “मैं और क्या कर सकता था?” बाढ़ लैंगटांग लिरुंग चोटी से करीब 1,200 मीटर नीचे ल्हेंदे खोला नदी की ऊपरी खड़ी घाटी में गिरे बर्फ और चट्टान के विशाल हिस्से से आई। यूनिवर्सिटी ऑफ कैलगरी के भू-आकृति विशेषज्ञ डैनियल शुगर के अनुसार यह मलबा करीब 50 एकड़ में फैला था, जो लंदन के ग्रीन पार्क जितना क्षेत्र है।

नेपाल में इस आपदा में 750 से अधिक और तिब्बत में 16 लोगों की मौत हुई है। नेपाल में करीब 2,498 और तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी में 546 लोग अब भी लापता हैं। यह क्षेत्र 2015 के 7.8 तीव्रता वाले भूकंप की त्रासदी भी झेल चुका है, जिसमें दक्षिण एशिया में 8,962 लोगों की मौत हुई थी और लैंगटांग के सभी 300 निवासी हिमस्खलन में दब गए थे।

ये भी पढ़े: सितंबर की शुरुआत में होंगे 5 बड़े बदलाव, रसोई से सफर तक बदलेगा खर्च