Rahul Gandhi NEET Protest: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर करीब साढ़े 10 मिनट का एक वीडियो साझा कर देश के युवाओं के साहस और हिम्मत की तारीफ की है। वीडियो में वह कॉकरोच जनता पार्टी और छात्र संगठनों के NEET प्रदर्शन में शामिल प्रदर्शनकारियों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। राहुल ने कहा कि युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के सामने मजबूती से खड़े होकर जवाबदेही की मांग की और यह लड़ाई शांति, संयम, मोहब्बत और हास्य के साथ लड़ी।
छात्रों ने पुलिस कार्रवाई के लगाए आरोप
वीडियो में एक छात्रा ने बताया कि उसका पेपर लीक नहीं हुआ था, लेकिन वह अपनी बहन के समर्थन और युवाओं के साथ हो रहे कथित अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने प्रदर्शन में शामिल हुई थी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बर्बर लाठीचार्ज का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, एक छात्रा को सात बार लाठी मारी गई। उन्होंने दावा किया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने नेम-प्लेट नहीं लगाई थी और चेहरा रुमाल या मास्क से ढका था। कुछ जवान सादे कपड़ों और चप्पलों में थे। प्रदर्शनकारियों ने पैलेट गन के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। एक छात्रा ने दावा किया कि एक छात्र के कान के पास पैलेट गन से गोली लगी, जिससे उसका कान गंभीर रूप से घायल हुआ और सर्जरी करानी पड़ी।
छात्रों ने हिरासत और मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस और अधिकारियों ने उन्हें ‘देशद्रोही’ और ‘आतंकवादी’ तक कहा। कई छात्रों को वैनिटी वैन में करीब छह घंटे तक रखा गया और उनके फोन भी ले लिए गए। छात्रों ने अधिकारियों पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। मुंबई NEET प्रदर्शन में शामिल रिया अहीर ने दावा किया कि उनकी सामान्य तस्वीरों और वीडियो को ब्लर कर सोशल मीडिया पर गलत तरीके से प्रसारित किया गया, ताकि उन्हें बदनाम और डराया जा सके।
जबरन माफी मांगने का भी आरोप
छात्रों ने आरोप लगाया कि कुछ लड़कियों को कैमरे के सामने जबरन माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया, जबकि उन्होंने कोई गलती नहीं की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा उस कथित माफी को स्वीकार कर धन्यवाद दिए जाने पर भी सवाल उठाए और पूरी घटना को ‘ड्रामा’ बताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह लड़ाई केवल उनकी नहीं, बल्कि हर उस नागरिक की है जिसके साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरों के अधिकारों के लिए खड़ा होना ही असली राष्ट्रवाद है।
राहुल ने लड़कियों के संघर्ष को सराहा
राहुल गांधी ने खास तौर पर उन लड़कियों की हिम्मत की तारीफ की, जिन्हें उनके मुताबिक बीजेपी समर्थकों की बदसलूकी, गाली-गलौज, हिंसा और धमकियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि तमाम दबाव के बावजूद उनका हौसला नहीं टूटा और अब उनकी आवाज दबाई नहीं जा सकेगी।
22 अगस्त को पुणे में ‘छात्रों की गूंज’
राहुल गांधी ने बताया कि 22 अगस्त को पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित होगा। यह विशेष कार्यक्रम पूरी तरह लड़कियों के लिए होगा, जहां देश की बेटियां अपनी बात खुलकर रखेंगी। उन्होंने लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए रजिस्ट्रेशन लिंक और QR कोड भी साझा किया है। कांग्रेस इस पहल के जरिए युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।
ये भी पढ़े: लखनऊ: Gen Z के बाद Gen Alfa का फूटा गुस्सा, शिक्षकों की कमी पर सड़क पर उतरे छात्र

