Raksha Bandhan: रक्षाबंधन पर यूपी की महिलाओं को सीएम योगी ने बड़ा तोहफा दिया है। महिलाओं को एक सहयात्री के साथ दो दिन तक सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए खास इंतजाम
सीएम योगी ने रक्षाबंधन पर महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासन को मिलकर व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रमुख रूट्स पर बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट और महिलाओं की सुरक्षा के लिए 'एंटी-रोमियो स्क्वॉड' को सक्रिय रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने शनिवार को शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों और जिलों में तैनात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती
बैठक में सीएम योगी ने जलभराव, बाढ़ की स्थिति, रक्षाबंधन पर परिवहन व्यवस्था, चीनी की उपलब्धता, आगामी गन्ना पेराई सत्र और स्कूलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बस चालकों की जांच और निगरानी बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि नशे का सेवन करने वाले किसी भी चालक को बस चलाने की अनुमति न दी जाए। साथ ही, ऑटो और टैक्सी चालकों का सत्यापन कराने और महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

