Ramayana Film Success Impact on Indian Cinema: फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' को लेकर अभिनेता यश ने हाल ही में हैदराबाद में आयोजित प्री-रिलीज इवेंट में दर्शकों से खास अपील की। फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे यश ने कहा कि दर्शक इसके विजुअल इफेक्ट्स (VFX) में छोटी-मोटी कमियां निकालने के बजाय खुले दिमाग से फिल्म देखें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर नमित मल्होत्रा जैसे फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर को खो दिया गया तो दोबारा इस स्तर का प्रोजेक्ट बनने में कई साल लग सकते हैं और भारतीय सिनेमा पीछे चला जाएगा।
यश के VFX वाले बयान की काफी आलोचना हुई। दर्शकों का यह अधिकार है कि वे टिकट खरीदकर देखी गई फिल्म की गुणवत्ता पर सवाल उठाएं। हालांकि, उनके बयान का दूसरा हिस्सा, जिसमें उन्होंने नमित मल्होत्रा जैसे निर्माता को खोने की चिंता जताई, इस विवाद के बीच दब गया।
दरअसल, 'रामायण' की सफलता सिर्फ बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है। यह साबित करने का मौका है कि भारतीय कहानियां हॉलीवुड जैसी तकनीक, बजट और प्रोडक्शन स्केल के साथ दुनियाभर के दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकती हैं। इसकी सफलता के पांच बड़े मायने हो सकते हैं।
'रामायण' जैसे प्रोजेक्ट के लिए भारी निवेश, कई साल की तैयारी और हॉलीवुड समेत अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्री के विशेषज्ञों की जरूरत होती है। नमित मल्होत्रा ने भारतीय महाकाव्य को अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के स्तर पर पेश करने का बड़ा जोखिम उठाया है।
अगर फिल्म सफल होती है तो इससे उनके भविष्य के बड़े प्रोजेक्ट्स को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही दूसरे भारतीय निर्माता और निर्देशक भी बड़े बजट और अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्मों पर पैसा लगाने का साहस कर सकेंगे।
भारतीय फिल्मों में विदेशी स्टूडियो की भागीदारी नई नहीं है। फॉक्स स्टार स्टूडियोज ने 'दंगल' और 'माई नेम इज खान' जैसी फिल्मों से जुड़कर काम किया, जबकि वॉर्नर ब्रदर्स ने 'चांदनी चौक टू चाइना' को समर्थन दिया था। डिज्नी, सोनी पिक्चर्स, यूनिवर्सल और पैरामाउंट भी भारतीय बाजार में काम कर चुके हैं।
लेकिन किसी भारतीय कहानी को पूरी तरह घरेलू स्तर पर तैयार करते हुए हॉलीवुड जैसी भव्यता और निवेश देना अलग बात है। 'रामायण' की सफलता अंतरराष्ट्रीय स्टूडियो और निवेशकों को भारतीय कहानियों में पैसा लगाने के लिए आकर्षित कर सकती है। इससे विदेशी तकनीकी विशेषज्ञों के साथ सहयोग और बड़े निवेश के रास्ते भी खुल सकते हैं।
एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' ने साबित किया था कि भारतीय फिल्में देश की सीमाओं से बाहर भी लोकप्रिय हो सकती हैं। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और पुरस्कार मिले। खास बात यह रही कि इसे पश्चिमी देशों में भारतीय मूल के दर्शकों के अलावा अन्य लोगों ने भी पसंद किया।
हालांकि, 'RRR' की अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता में वर्ड ऑफ माउथ और बाद में OTT पर मिली पहचान की बड़ी भूमिका रही। इसके मुकाबले 'रामायण' को शुरुआत से ही वैश्विक सिनेमाघरों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
रामायण की कहानी भारतीय संस्कृति से जुड़ी है, लेकिन इसके पात्रों, संघर्ष और भावनाओं में ऐसी सार्वभौमिकता है, जो अलग-अलग देशों के दर्शकों को जोड़ सकती है। अगर फिल्म भारतीय मूल के दर्शकों से आगे निकलकर पश्चिमी देशों में भी लोकप्रिय होती है तो भारतीय फिल्मों के लिए अंतरराष्ट्रीय थिएट्रिकल मार्केट का विस्तार हो सकता है।
भारतीय सिनेमा में रजनीकांत, मोहनलाल, ममूटी और शाहरुख खान जैसे सितारों की दुनियाभर में पहचान है। वहीं प्रभास और अल्लू अर्जुन जैसे तेलुगु कलाकारों ने भी विदेशों में बड़ा प्रशंसक वर्ग तैयार किया है। हालांकि, युवा पीढ़ी के सभी सितारों को अभी वैसी अंतरराष्ट्रीय पहचान नहीं मिली है।
यश और रणबीर कपूर पहले ही भारतीय सिनेमा में अपनी मजबूत जगह बना चुके हैं। 'रामायण' उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और मजबूत करने का मौका दे सकती है।
फिल्म में यश रावण और रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। इनके साथ साई पल्लवी और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। अगर फिल्म विदेशी बाजारों में सफल रहती है तो इन सभी कलाकारों को ऐसे दर्शकों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने पहले उनकी फिल्में नहीं देखी हैं।
आमिर खान की फिल्म 'दंगल' को रिलीज हुए करीब एक दशक हो चुका है, लेकिन इसका वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड अब भी भारतीय फिल्मों के लिए बड़ा बेंचमार्क बना हुआ है।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, 'दंगल' ने दुनियाभर में 2,070.30 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके बाद रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2: द रिवेंज' (2026) 1,813.39 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2: द रूल' (2024) 1,742.10 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर है।
दोनों फिल्में 'दंगल' के रिकॉर्ड के करीब पहुंचीं, लेकिन उसे पीछे नहीं छोड़ सकीं।
'रामायण' के पास इस रिकॉर्ड को चुनौती देने के लिए कई संभावनाएं हैं। इसकी कहानी दुनियाभर में पहचानी जाती है। फिल्म में लोकप्रिय कलाकार हैं और इसे बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। दो हिस्सों में बनने वाली यह फिल्म लंबे समय तक दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखने का अवसर भी देती है।
अगर 'रामायण' 'दंगल' का रिकॉर्ड तोड़ती है तो यह सिर्फ एक फिल्म की जीत नहीं होगी, बल्कि भारतीय फिल्मों के वर्ल्डवाइड थिएट्रिकल बिजनेस के लिए नया पैमाना स्थापित कर सकती है। दिलचस्प बात यह भी होगी कि 'दंगल' के निर्देशक नितेश तिवारी ही अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
भारत में पौराणिक कथाओं, इतिहास, लोककथाओं और प्राचीन महाकाव्यों का विशाल खजाना है। इनमें कई ऐसी कहानियां हैं, जिन्हें बड़े बजट और आधुनिक तकनीक के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश किया जा सकता है। हालांकि, अब तक आर्थिक संसाधनों और प्रोडक्शन की सीमाओं के कारण ऐसी कोशिशें सीमित रही हैं।
'रामायण' सफल होती है तो इससे ऐसा माहौल तैयार हो सकता है, जिसमें निर्माता दूसरी बड़ी कहानियों पर भी निवेश करने का भरोसा जुटा सकें। खासकर महाभारत जैसे महाकाव्य को इसी स्तर की भव्यता के साथ पर्दे पर उतारने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' दो हिस्सों में बनने वाली फिल्म का पहला भाग है। इसका निर्माण नमित मल्होत्रा और यश ने किया है, जबकि निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।
फिल्म में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के अलावा रवि दुबे, सनी देओल, अरुण गोविल, लारा दत्ता, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, शोभना, विवेक ओबेरॉय और अनुपम खेर जैसे कलाकार नजर आएंगे। इसका संगीत एआर रहमान और हंस जिमर ने मिलकर तैयार किया है।
फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। शुरुआती स्क्रीनिंग और प्रीव्यू को लेकर भी चर्चा हो रही है।
कुल मिलाकर, 'रामायण' की सफलता सिर्फ एक प्रोडक्शन हाउस या बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड के लिए अहम नहीं होगी। यह तय करने में भी भूमिका निभा सकती है कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री अपनी बड़ी कहानियों को कितने बड़े स्तर पर पेश करने और दुनिया तक पहुंचाने का साहस दिखाती है। अब देखना होगा कि फिल्म की भव्यता, कहानी और किरदार दर्शकों को कितना प्रभावित करते हैं और क्या यह VFX को लेकर हो रही चर्चाओं से आगे निकल पाती है।
Government Laptop Rules: केंद्र सरकार ने अपने अधिकारियों को दिए जाने वाले लैपटॉप, टैबलेट और…
Arshdeep Samreen Engagement: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी जिंदगी की…
Post Diwali Healthy Eating Tips: दिवाली भले ही बीत गई हो, लेकिन घरों में मिठाइयों…
Gauri Fairness Cream Mercury: गोरा होने की चाहत सेहत पर भारी पड़ सकती है। पाकिस्तान…
Kulgam CRPF Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर CRPF के नाके पर हमला…
Akhilesh Yadav Attack on BJP: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने धर्म, आस्था…
View Comments