Wednesday, Nov 11

होम = State = उत्तर प्रदेश = बांदा में घरवालों की डांट से नाराज होकर हाईटेंशन टावर पर चढ़ी 17 साल की किशोरी, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

बांदा में घरवालों की डांट से नाराज होकर हाईटेंशन टावर पर चढ़ी 17 साल की किशोरी, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

Banda: उत्तर प्रदेश के बांदा में परिजनों की डांट से नाराज होकर 17 साल की एक किशोरी घर छोड़कर चली गई। परिवार ने उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी। तलाश के दौरान पता चला कि किशोरी केन नदी के किनारे लगे हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

फोन पर लड़के से बात करने को लेकर हुई थी डांट

मामला मटौंध थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, किशोरी घर में किसी लड़के से फोन पर बात कर रही थी। इस बात को लेकर परिजनों ने उसे डांटा और फोन पर बात करने से मना किया। इससे नाराज होकर वह घर से चली गई। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश के लिए दो टीमें गठित कीं। इसी दौरान सूचना मिली कि एक लड़की केन नदी के किनारे हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान लापता किशोरी के रूप में की।

पुलिस ने काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा

टावर पर किशोरी को देखकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। पुलिस अधिकारियों ने उसे काफी देर तक समझाया। काफी प्रयासों के बाद वह नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर थाने पहुंचाया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई। इसके बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया।

बांदा के डिप्टी एसपी सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि किशोरी के लापता होने की सूचना पर तत्काल केस दर्ज कर दो टीमें बनाई गई थीं। बाद में उसके टावर पर चढ़ने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे सुरक्षित बचा लिया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े: AI में निवेश बढ़ाने की तैयारी, Google ने 5 देशों में कर्मचारियों को दिया स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने का ऑफर