Red Fort Terror Attack: दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर 2025 को हुए आतंकी हमले को लेकर संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले को अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से आधिकारिक तौर पर जोड़ा गया था। रिपोर्ट में दक्षिण एशिया में AQIS के बढ़ते नेटवर्क पर भी चिंता जताई गई है।
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ था कार बम धमाका
10 नवंबर 2025 की शाम करीब 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास कार बम धमाका हुआ था। इस आतंकी हमले में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए थे। मामले में NIA ने मई 2026 में पटियाला हाउस कोर्ट की विशेष अदालत में करीब 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। चार्जशीट में मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी समेत 10 आरोपियों के संबंध अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) से बताए गए थे। NIA के मुताबिक, AGuH अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) का एक ऑफशूट है।
छोटे सेल के जरिए AQIS का नेटवर्क विस्तार
UN रिपोर्ट के मुताबिक, AQIS ने अपने अभियानों के लिए लॉजिस्टिक और वित्तीय नेटवर्क तैयार किए हैं। संगठन बड़े केंद्रीकृत ढांचे के बजाय छोटे और विकेंद्रीकृत सेल के जरिए अपनी गतिविधियां बढ़ा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, इससे संगठन के लिए अलग-अलग स्तर पर ऑपरेशन संचालित करना आसान हो सकता है।
बांग्लादेश में नेटवर्क विस्तार को लेकर चिंता
UN रिपोर्ट में AQIS द्वारा बांग्लादेश में अपने सेल स्थापित करने की आशंका जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, संगठन की गतिविधियां एक देश तक सीमित नहीं हैं और वह दक्षिण एशिया में अपना क्षेत्रीय नेटवर्क बढ़ा रहा है। दस्तावेज में AQIS को पाकिस्तान स्थित संगठन Ittihad-ul-Mujahideen Pakistan (IMP) की रीढ़ भी बताया गया है और उससे जुड़े कई हमलों का जिक्र किया गया है।

