Russia Chemical Complex Fire: रूस के सुदूर पूर्वी इलाके में बुधवार, 26 अगस्त को एक केमिकल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में कम से कम 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि 120 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो चीनी नागरिक और एक रूसी नागरिक शामिल हैं।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में घायल हुए लोगों में से 24 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। आग लगने के बाद परिसर में बचाव और आग बुझाने का काम जारी रहा।
चीन-रूस की साझेदारी वाला प्रोजेक्ट
यह केमिकल कॉम्प्लेक्स रूसी कंपनी सिबुर और चीन की तेल एवं गैस कंपनी सिनोपेक का संयुक्त प्रोजेक्ट है। यहां पॉलीइथाइलीन और पॉलीप्रोपाइलीन के उत्पादन की योजना है। हालांकि, घटना के समय कॉम्प्लेक्स में उत्पादन शुरू नहीं हुआ था।
औद्योगिक गैसों को नियंत्रित तरीके से जलाया गया
घटना के बाद कॉम्प्लेक्स की ओर से बताया गया कि आग पर काबू पाने का काम जारी था। विशेषज्ञ परिसर में बची औद्योगिक गैसों को नियंत्रित तरीके से जला रहे थे, ताकि किसी और खतरे को रोका जा सके।
औद्योगिक सुरक्षा नियमों की जांच
रूस की जांच समिति ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह जांच औद्योगिक सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन के एंगल से की जा रही है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। रूस बड़े औद्योगिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए विदेशी श्रमिकों पर भी निर्भर रहता है। इस परियोजना में भी चीनी नागरिकों समेत अलग-अलग देशों के श्रमिक काम कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/bangladesh-hindu-family-murder-rangpur/

