Thursday, Sep 03

होम = Others = तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, खड़े कंटेनर से टकराई बस; 6 की मौत, 20 घायल

तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, खड़े कंटेनर से टकराई बस; 6 की मौत, 20 घायल

Telangana Bus Accident: तेलंगाना के सूर्यपेट जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर द्वारकुंटा के पास यात्रियों से भरी निजी बस खड़े कंटेनर ट्रक से टकरा गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं।

लोहे की छड़ों से भरा था कंटेनर

जानकारी के मुताबिक, बस हैदराबाद से एलुरु जा रही थी और उसमें करीब 42 यात्री सवार थे। इसी दौरान बस लोहे की छड़ों से लदे खड़े कंटेनर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कंटेनर में रखी लोहे की छड़ें बस के अगले हिस्से को चीरते हुए अंदर तक पहुंच गईं। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई और कई लोग बस के अंदर फंस गए।

गैस कटर से निकाले गए यात्री

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

हादसे की वजह की जांच जारी

दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने जैसी आशंकाओं की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/bangladesh-hindu-family-murder-rangpur/