Dharmendra Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र एक बार फिर से अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी सेहत को लेकर पूरे देश में चिंता का माहौल है। बीते सोमवार को उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी देखभाल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक धर्मेंद्र की हालत फिलहाल गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
तरह-तरह की अफवाहें
अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें फैल गईं। कुछ चैनलों और पोर्टलों ने यहां तक दावा कर दिया कि धर्मेंद्र का निधन हो गया है। इन खबरों से फैन्स और फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया। इसी बीच धर्मेंद्र की पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने इन अफवाहों पर तीखा रिएक्शन दिया है।
हेमा मालिनी का फूटा गुस्सा
हेमा मालिनी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जो हो रहा है वो अक्षम्य है! जिम्मेदार चैनल्स ऐसे झूठ कैसे फैला सकते हैं? इन सब बातों का असर ट्रीटमेंट पर पड़ता है। ये बेहद अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना है। कृपया परिवार और उनकी निजता का सम्मान करें।” उनकी इस पोस्ट के बाद फैन्स और फिल्म इंडस्ट्री के लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं कि झूठी खबरों से किसी की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।
बेटे सनी और बेटी ईशा ने अफवाओं पर लगाया विराम
धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल ने भी मीडिया और जनता से अपील की है कि अफवाहों पर विश्वास न करें और परिवार की प्राइवेसी का ध्यान रखें। सनी ने बताया कि पापा की हालत स्थिर है और डॉक्टर उनकी पूरी देखभाल कर रहे हैं। अस्पताल में उनसे मिलने सलमान खान, शाहरुख खान, गोविंदा और कई अन्य सितारे पहुंचे। वहीं, धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल ने भी अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा, “पापा जिंदा हैं, अस्पताल में हैं और रिकवर कर रहे हैं। कृपया गलत खबरें फैलाना बंद करें।”
गौरतलब है कि 89 वर्षीय धर्मेंद्र ने इसी साल अप्रैल में अपनी आंखों की सर्जरी कराई थी। उम्र के इस पड़ाव में वह लगातार मेडिकल सुपरविजन में हैं। फिल्म इंडस्ट्री से लेकर आम जनता तक हर कोई यही दुआ कर रहा है “धरम पाजी जल्दी ठीक हो जाएं, क्योंकि उनके बिना बॉलीवुड अधूरा है।”
ये भी पढ़ें: महिलाओं को 33% आरक्षण देने वाले कानून पर SC ने केंद्र से पूछा – लागू करने में देरी क्यों ?

