Thursday, Aug 27

होम = News Latest = रक्षाबंधन से पहले नकली मिठाई पर बड़ा एक्शन, 80 किलो खोया और 40 किलो बर्फी बरामद; कारखाना सील

रक्षाबंधन से पहले नकली मिठाई पर बड़ा एक्शन, 80 किलो खोया और 40 किलो बर्फी बरामद; कारखाना सील

Uttarakhand: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में नकली मिठाई और मिलावटी मावे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। बाजपुर तहसील के सुल्तानपुर पट्टी में SDM ऋचा सिंह के नेतृत्व में प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम ने कई दुकानों और ठिकानों पर छापेमारी की। यहां बड़ी मात्रा में नकली मिठाई, मिलावटी मावा और मिठाई बनाने का कच्चा माल बरामद हुआ।

80 किलो खोया और 40 किलो बर्फी बरामद

एक दुकान से करीब 80 किलो मिलावटी खोया और 40 किलो बर्फी मिली। इसके अलावा करीब डेढ़ क्विंटल मिलावटी केक और लौज भी बरामद हुए। दुकान मालिक की सहमति से इन्हें नष्ट कराया गया और मावे-मिठाई के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। वहीं, उत्तराखंड स्वीट्स से करीब 50 किलो ऐसा खोया मिला, जिसमें कीड़े-मकोड़े पाए गए। छेना की मिठाइयां भी मौके पर नष्ट कराई गईं। गंदगी मिलने पर दुकान का चालान किया गया।

मिल्क पाउडर और रिफाइंड से बन रहा था नकली मावा

कुलदीप गुप्ता स्वीट्स पर मिल्क पाउडर और रिफाइंड तेल से तैयार नकली मावा मिला। इसी से मिठाइयां बनाई जा रही थीं। दुकान मालिक ने भी इसकी पुष्टि की। सैंपल लेने के बाद तैयार मिठाइयां और मावा नष्ट कराया गया। परिसर को सील कर एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई। खाद्य विभाग भी अलग से कार्रवाई कर रहा है।

ट्रैक्टर से नष्ट कराई मिठाई

प्रशासन ने बड़ी मात्रा में जब्त नकली मिठाई को ट्रैक्टर से हटवाकर नष्ट कराया। अधिकारियों ने कहा कि मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और त्योहारों में मिठाई-मावे की दुकानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। लोगों से भी खरीदारी के दौरान गुणवत्ता और साफ-सफाई का ध्यान रखने की अपील की गई है।

ये भी पढ़े: शामली में यूट्यूबर-हरियाणवी एक्टर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या

Tags :