Jharkhand Plane Crash
Jharkhand Plane Crash: झारखंड के चतरा ज़िले में हुए दर्दनाक एयर एंबुलेंस हादसे की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, विमान से जुड़े कई अहम और हैरान करने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। इस दुर्घटना में मरीज सहित कुल सात लोगों की मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त एयर एंबुलेंस एक 39 साल पुराना बीचक्राफ्ट C90A किंग एयर विमान था, जिसका निर्माण वर्ष 1987 में हुआ था। हादसे के समय तक यह विमान करीब 6,610 घंटे की उड़ान भर चुका था। विमान का संचालन रेडबर्ड एयरवेज द्वारा किया जा रहा था और इसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-AJV था।
तकनीकी रिकॉर्ड के मुताबिक, विमान में लगे दोनों P&W PT6A-21 इंजन अत्यधिक इस्तेमाल में नहीं थे। बाएं इंजन ने लगभग 2,900 घंटे और दाएं इंजन ने करीब 2,800 घंटे की उड़ान भरी थी, जबकि दोनों प्रोपेलर लगभग 2,500 घंटे उपयोग में आ चुके थे। विमान का एयरवर्थीनेस रिव्यू सर्टिफिकेट (ARC) 21 जनवरी 2026 को अगले एक साल के लिए नवीनीकृत किया गया था, जिससे यह संकेत मिलता है कि कागज़ों में विमान उड़ान योग्य माना जा रहा था।
जांच में सामने आया कि इस विमान में ब्लैक बॉक्स मौजूद नहीं था। यानी न तो कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और न ही फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) लगाया गया था। अधिकारियों का कहना है कि जब विमान को पहली बार 1987 में एयरवर्थीनेस सर्टिफिकेट दिया गया था, तब नागरिक उड्डयन नियमों के तहत CVR और FDR अनिवार्य नहीं थे। इसी वजह से बाद में भी इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया।
यह एयर एंबुलेंस सोमवार, 23 फरवरी की रात रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के लगभग आधे घंटे बाद विमान रडार से गायब हो गया। बाद में यह चतरा में दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पाया गया। विमान में सवार 41 वर्षीय मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी, एक रिश्तेदार, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिकल स्टाफ और दो पायलट सभी की मौके पर ही मौत हो गई। विमान को 1,400 घंटे का अनुभव रखने वाले पायलट-इन-कमांड विवेक विकास भगत और 450 घंटे का अनुभव रखने वाले सह-पायलट सवराजदीप सिंह उड़ा रहे थे।
अब बिना ब्लैक बॉक्स के इस हादसे की जांच करना एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। सवाल यही है तकनीकी रूप से “फिट” बताए जा रहे इस विमान के साथ आख़िर हवा में ऐसा क्या हुआ, जिसने सात जिंदगियों को पल भर में खत्म कर दिया?
ये भी पढ़ें: ‘देश के साथ हमेशा नेहरू-गांधी परिवार करता है समझौता’, पीयूष गोयल ने राहुल पर किया तीखा प्रहार
IIT Bombay Student Death: IIT बॉम्बे के 20 वर्षीय BTech छात्र के माता-पिता ने मुंबई…
Rahul Gandhi Vote Chori Allegation: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को मुख्य…
AI E-Waste: दुनिया में AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग मशीनों…
Meerut: मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट के ध्वस्तीकरण से प्रभावित करीब 650 व्यापारियों को…
ECINet Voter Deletion Rollback: चुनाव आयोग ने India Today को बताया कि ECINet सिस्टम में…
CJP Gyanesh Kumar Resignation Demand: नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर Cockroach Janta Party (CJP)…