Akash Anand: बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने सोमवार को सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार पर शिक्षा, रोजगार और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। आकाश आनंद ने AI के बढ़ते इस्तेमाल से युवाओं की नौकरियों पर पड़ने वाले असर को लेकर भी सरकार से तीन सवाल पूछे।
आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में एक तरफ 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक विज्ञापनों पर खर्च किए जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर 25 हजार सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेढ़ लाख से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली हैं और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विकसित और सुरक्षित उत्तर प्रदेश का नारा केवल पोस्टर और होर्डिंग तक सीमित रह गया है। उनके मुताबिक, सरकारी स्कूलों के बंद होने और शिक्षकों की कमी का सबसे ज्यादा नुकसान गरीब और बहुजन समाज के बच्चों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं को भी युवाओं के भविष्य के लिए चिंता का विषय बताया।
आकाश आनंद ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 2 करोड़ युवा बेरोजगार हैं। अब उनके सामने AI की चुनौती भी खड़ी हो रही है। उन्होंने कहा कि AI से जिंदगी आसान हुई है, लेकिन आने वाले समय में यह रोजगार के अवसरों के लिए खतरा बन सकता है।
इस मुद्दे पर उन्होंने भाजपा सरकार से तीन सवाल पूछे:
बहुजन समाज के बच्चों और युवाओं को AI की शिक्षा देने के लिए सरकार ने क्या इंतजाम किए हैं?
AI के कारण बेरोजगार हो रहे युवाओं के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए हैं?
AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच इंटरनेट और सरकारी वेबसाइटों पर मौजूद डाटा की सुरक्षा के लिए क्या व्यवस्था की गई है?
आकाश आनंद ने कहा कि युवाओं को मुफ्त राशन देने के बजाय बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाने की जरूरत है। सरकार को उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए ठोस योजनाएं तैयार करनी चाहिए।
अपने संबोधन में आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा वास्तव में भाजपा की बी टीम है। सपा के एक राज्यसभा सांसद पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि भाजपा के सांसद के बेटे को राज्यसभा भेजने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अखिलेश यादव की तारीफ करते हैं। आकाश आनंद ने कांग्रेस और सपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताया। इसके साथ ही मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र कर उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए।
आकाश आनंद ने अपने भाषण की शुरुआत महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शिवाजी महाराज, नारायण गुरु, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और बसपा संस्थापक कांशीराम को नमन करके की। इसके बाद उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बहुजन समाज के सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि मायावती चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। उनके कार्यकाल में शिक्षा, रोजगार और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में काम हुए। आकाश आनंद ने जनता से 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा को मजबूत करने और मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।
जनसभा में आकाश आनंद ने बसपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा संस्थानों, स्कूलों, रोजगार और आरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि मायावती सरकार ने गरीबों, भूमिहीन परिवारों और वंचित समाज के लोगों के हित में काम किया था। उन्होंने गुर्जर और जाट समाज समेत विभिन्न वर्गों से बसपा का समर्थन करने की अपील की।
इस दौरान नकुड़ सीट से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बसपा प्रत्याशी घोषित किए गए नरेश सैनी ने आकाश आनंद का स्वागत किया। उन्होंने पगड़ी पर सोने का मुकुट जड़कर उन्हें सम्मानित किया। आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं से हाथी चुनाव चिह्न को मजबूत करने और 2027 में बसपा की सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें: JNU प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल को हाईकोर्ट से राहत, बर्खास्तगी के आदेश पर रोक
Jensen Huang China Espionage Allegations: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी NVIDIA के CEO जेनसेन हुआंग…
Hazaribagh Danua Valley Road Accident: झारखंड के हजारीबाग में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे…
Ramayana Movie Box Office Collection: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' ने…
Pakistani TV Anchor Rabia Ahsan Murder: पाकिस्तान की मशहूर टेलीविजन एंकर और कार्यक्रम होस्ट राबिया…
Sheikh Hasina Bangladesh Return: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना दिसंबर में अपने देश लौटने…
Delhi Pollution, Punjab Stubble Burning: दिल्ली में प्रदूषण को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और…