Tuesday, Nov 10

होम = Featured = JNU प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल को हाईकोर्ट से राहत, बर्खास्तगी के आदेश पर रोक

JNU प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल को हाईकोर्ट से राहत, बर्खास्तगी के आदेश पर रोक

by | Nov 2, 2026 | Featured

Bimol Akoijam: दिल्ली हाईकोर्ट ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के प्रोफेसर और मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को राहत दी है। अदालत ने उन्हें सेवा से बर्खास्त करने के विश्वविद्यालय के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है। बिमोल पर इसी साल मई में JNU की 11 छात्राओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। हालांकि, प्रोफेसर इन आरोपों को लगातार खारिज करते रहे हैं।

11 छात्राओं ने लगाए थे यौन उत्पीड़न के आरोप

मई में JNU की 11 छात्राओं ने प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। छात्राओं का आरोप था कि प्रोफेसर बैठकों या कार्यक्रमों के बहाने उन्हें कैंपस स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और वहां उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश करते थे। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया था कि प्रोफेसर कक्षा में अश्लील और अमर्यादित टिप्पणियां करते थे। इन शिकायतों के बाद विश्वविद्यालय ने उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया था। वहीं, बिमोल अकोइजम शुरू से ही अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताते रहे हैं।

सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुई थी FIR

JNU के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एफआईआर में यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। इस मामले की जांच के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने पिछले महीने अकोइजम से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की थी। पुलिस ने उन्हें JNU में लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच में शामिल होने के लिए समन भेजा था।

पूछताछ के लिए दिल्ली आते समय कही थी ये बात

पूछताछ के लिए इंफाल से दिल्ली रवाना होते समय बिमोल अकोइजम ने कहा था कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने अपने बयान में इस मामले को अपने लोगों के साथ दशकों से हो रहे अन्याय के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत बताया था। अब दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी बर्खास्तगी के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है।

ये भी पढ़ें: NCP में फूट की अटकलों पर पार्टी की सफाई, सुनेत्रा पवार को लेकर कही ये बात