News Top

बंगाल की खाड़ी में फिर उठेगा तूफान! 1 नवंबर तक चक्रवाती रूप ले सकता है लो प्रेशर, कई राज्यों में अलर्ट

Bay of Bengal Cyclone: चक्रवात अर्नब के असर से अभी आंध्र प्रदेश और ओडिशा पूरी तरह उबर भी नहीं पाए हैं कि बंगाल की खाड़ी में एक और तूफान का खतरा मंडराने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ घंटों में डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके बाद 1 नवंबर तक इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश के तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है।

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने नए मौसमी सिस्टम को देखते हुए कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और पुडुचेरी के यानम में 2 नवंबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, 3 नवंबर को इन क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में 2 और 3 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। ओडिशा में भी 3 और 4 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

IMD ने तूफान को लेकर क्या कहा?

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना अच्छी तरह चिह्नित कम दबाव का क्षेत्र अगले 6 घंटों में डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके अगले 24 घंटों में चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, यह मौसम प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 2 नवंबर 2026 की शाम तक आंध्र प्रदेश के तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंच सकती है।

चक्रवात अर्नब ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में मचाई थी तबाही

बंगाल की खाड़ी में नए तूफान का खतरा ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले ही चक्रवात अर्नब ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी तबाही मचाई थी। यह तूफान 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम तट के बीच बापटला और विशाखापत्तनम के बीच टकराया था। उस समय तूफान की निरंतर हवा की रफ्तार करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटा थी। चक्रवात के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए, घरों में पानी भर गया और खेत जलमग्न हो गए। तेज हवाओं और भारी बारिश के चलते मछली पकड़ने की गतिविधियों पर रोक लगानी पड़ी। वहीं, परिवहन और बिजली नेटवर्क भी प्रभावित हुए। लगातार बारिश के कारण शुक्रवार को ओडिशा के गंजाम और कंधमाल जिलों की सीमा से लगे एक गांव में भूस्खलन भी हुआ।

ओडिशा में भूस्खलन के बाद 12 लोग लापता

भूस्खलन के बाद 12 लोगों के लापता होने की सूचना मिली, जिसके बाद ओडिशा सरकार ने तलाशी अभियान शुरू कराया है। अधिकारियों के मुताबिक, लापता लोगों की तलाश में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के 150 से अधिक जवानों को लगाया गया है। विशेष राहत आयुक्त राजेश पी. पाटिल के मुताबिक, पहाड़ी पर स्थित इस गांव में कुल 26 लोग रहते थे। इनमें से 13 लोग भूस्खलन के दौरान सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि बाकी 13 लापता हो गए थे। लापता लोगों में से एक का पता लगा लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। शुक्रवार रात से ही बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

गंजाम के गांव में हुआ भूस्खलन, कई गांव जलमग्न

भूस्खलन की यह घटना गंजाम जिले के भंजनगर ब्लॉक के बैबाली पंचायत के अंतर्गत गिडिपाबाली गांव में हुई। चक्रवात अर्नब के कारण लगातार हुई बारिश के दौरान राज्य में सामने आई ऐसी 10 घटनाओं में यह भी शामिल थी। भारी बारिश के कारण ओडिशा के दक्षिणी हिस्से के सैकड़ों गांवों में पानी भर गया। अब बंगाल की खाड़ी में एक और संभावित चक्रवाती तूफान को देखते हुए तटीय राज्यों में मौसम को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाने वाले अशुतोष दीक्षित ने संभाली वायुसेना की कमान

Lavanya Dayal

Recent Posts

रूस ने 450 KM रेंज वाले हथियार से लैस किया MI-28NM नाइट हंटर, जेलेंस्की की बढ़ी चिंता

Russia Dan-T Loitering Munition: रूस ने यूक्रेन के साथ जारी युद्ध के बीच अपनी लंबी…

21 minutes ago

होर्मुज स्ट्रेट में ईरान की बड़ी कार्रवाई का दावा, दुश्मन के नेविगेशन सिस्टम किए तबाह

Iran Hormuz Strait Navigation System: होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने दावा…

53 minutes ago

सोनिया गांधी के सामने प्रणब मुखर्जी ने जताई थी PM बनने की इच्छा? संस्मरण में किया खुलासा

Pranab Mukherjee PM Ambition: कांग्रेस नेता और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 2010 में तत्कालीन…

1 hour ago

शादी के 13 साल बाद पवन कल्याण और पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अलग होने का किया ऐलान

Pawan Kalyan Separation: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण अपनी निजी जिंदगी को…

2 hours ago

BJP नेता के घर पहुंचे ममूटी तो मचा बवाल, लेफ्ट समर्थकों ने घेरा; CPI(M) ने किया किनारा

Mammootty BJP Leader Controversy: मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी एक बार फिर सोशल मीडिया…

3 hours ago