मुंबई के बाद बिजनौर में भी तरबूज कांड!
Bijnor Watermelon Poisoning: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। गर्मी से राहत देने वाला तरबूज एक परिवार के लिए मौत का कारण बन गया। तरबूज खाने के कुछ ही मिनटों बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले 22 वर्षीय बेटी ने दम तोड़ दिया, जबकि माता-पिता जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
यह दिल दहला देने वाला मामला कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के शेरनगर नरैका गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव निवासी डॉ. जियाउल रहमान बाजार से तरबूज खरीदकर घर लाए थे। परिवार में गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी ने मिलकर तरबूज खाया। उस वक्त किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यही फल परिवार की खुशियां छीन लेगा।
तरबूज खाने के कुछ देर बाद ही डॉ. जियाउल रहमान, उनकी पत्नी और बेटी मुस्कान की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। तीनों को तेज पेट दर्द, उल्टियां और बेचैनी होने लगी। देखते ही देखते घर में अफरा-तफरी मच गई। सबसे ज्यादा हालत मुस्कान की बिगड़ती चली गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। मुस्कान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि हाल ही में उसका निकाह तय हुआ था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। जहां कुछ दिन पहले खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। गांव में भी इस घटना के बाद डर और सन्नाटा फैल गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। मुस्कान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की गई, लेकिन परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। वहीं डॉ. जियाउल रहमान और उनकी पत्नी का बिजनौर के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग को आशंका है कि तरबूज में किसी खतरनाक रसायन, इंजेक्शन या कीटनाशक का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फल के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जा सकते हैं।
विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उनका कहना है कि बाजार में कई बार फलों को जल्दी पकाने या अधिक लाल और ताजा दिखाने के लिए खतरनाक केमिकल्स का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में फल खरीदते समय सावधानी बेहद जरूरी है।
डॉक्टरों के मुताबिक तरबूज खरीदते समय कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। बहुत ज्यादा चमकदार, असामान्य रूप से लाल या इंजेक्शन के निशान वाले तरबूज से बचना चाहिए। फल को काटने से पहले अच्छी तरह धोना और कुछ देर पानी में रखना सुरक्षित माना जाता है। अगर फल खाने के बाद पेट दर्द, घबराहट, उल्टी या बेचैनी महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले मुंबई में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां कथित तौर पर तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। अब बिजनौर की इस घटना ने लोगों के मन में डर पैदा कर दिया है और बाजार में बिक रहे फलों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें: यूपी पुलिस SI परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी, जानें कैसे देखें चयनित उम्मीदवारों की लिस्ट
IIT Bombay Student Death: IIT बॉम्बे के 20 वर्षीय BTech छात्र के माता-पिता ने मुंबई…
Rahul Gandhi Vote Chori Allegation: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को मुख्य…
AI E-Waste: दुनिया में AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग मशीनों…
Meerut: मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट के ध्वस्तीकरण से प्रभावित करीब 650 व्यापारियों को…
ECINet Voter Deletion Rollback: चुनाव आयोग ने India Today को बताया कि ECINet सिस्टम में…
CJP Gyanesh Kumar Resignation Demand: नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर Cockroach Janta Party (CJP)…