होम = Cover Story Top = Delhi: सरकारी स्कूल के मिड-डे मील में मिली मरी हुई छिपकली, पुलिस ने दर्ज की FIR

Delhi: सरकारी स्कूल के मिड-डे मील में मिली मरी हुई छिपकली, पुलिस ने दर्ज की FIR

by | Jul 6, 2026 | Cover Story Top

Delhi: दिल्ली के हरिनगर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय सर्वोदय (सह-शिक्षा) विद्यालय में मिड-डे मील के एक कंटेनर में मरी हुई छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी। राहत की बात यह है कि खाना खाने के बाद किसी भी छात्र की तबीयत खराब होने की सूचना नहीं मिली है।

सुबह 9 बजे स्कूल पहुंचा था भोजन

यह घटना 3 जुलाई की है। सुबह करीब 9 बजे मूनलाइट नामक एनजीओ की ओर से मिड-डे मील स्कूल पहुंचाया गया। भोजन चावल और चना दाल के चार सीलबंद कंटेनरों में लाया गया था। स्कूल प्रशासन ने तय प्रक्रिया के अनुसार इन्हें प्राप्त कर प्राथमिक कक्षाओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ स्थान पर रख दिया।

भोजन वितरण के दौरान हुआ खुलासा

घटना वाले दिन स्कूल में स्पोर्ट्स एवं कल्चरल इंचार्जों की वार्षिक जोनल बैठक और पौधारोपण अभियान भी आयोजित किया गया था, जिसमें शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों और स्कूल की मिड-डे मील समिति की मौजूदगी में भोजन की जांच और टेस्टिंग की गई।

इसी दौरान भोजन वितरण में सहायता कर रहे एक हेल्पर ने एक कंटेनर के भीतर मरी हुई छिपकली देखी। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तत्काल भोजन वितरण रुकवा दिया और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

ये भी पढ़े: UP Cabinet का बड़ा फैसला: शाहजहांपुर की जलालाबाद तहसील अब ‘भगवान परशुराम पुरी’, 27 प्रस्तावों को मंजूरी