UP Cabinet Meeting 2026: उत्तर प्रदेश सरकार की सोमवार को लखनऊ स्थित 5 कालीदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री समेत सभी प्रमुख मंत्री शामिल हुए। कैबिनेट ने शाहजहांपुर जिले की जलालाबाद तहसील का नाम बदलकर 'भगवान परशुराम पुरी' करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। सरकार के इस फैसले के बाद संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जाएंगी।
स्टार्टअप नीति, पशुधन बीमा और नए विश्वविद्यालयों को मंजूरी
आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील शर्मा ने बताया कि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए यूपी स्टार्टअप नीति 2026, डेटा सेंटर नीति 2026 और स्टार्टअप मिशन की स्थापना को स्वीकृति दी गई है। वहीं, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना को भी मंजूरी मिली है। यह योजना प्रदेश के सभी 75 जिलों में लागू होगी, जिससे लघु एवं सीमांत किसानों, पशुपालकों और डेयरी संचालकों के पशुओं का महामारी, अपंगता या मृत्यु की स्थिति में बीमा किया जा सकेगा।
कैबिनेट ने कानपुर के बिल्हौर में महर्षि योगी इंटरनेशनल कृषि विश्वविद्यालय, फतेहपुर में ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय और गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय की स्थापना को भी मंजूरी दी। इसके अलावा लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों की पेंशन बढ़ाने सहित कुल 27 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
इस अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने 'एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान' के विरोध में आंदोलन किया और 1953 में कश्मीर में बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2019 में धारा 370 हटाकर उनके सपने को साकार किया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस बंगाल को डॉ. मुखर्जी ने बचाया, वहां आज भाजपा की डबल इंजन सरकार उनके स्थलों के पुनरुद्धार के लिए प्रभावी कार्य कर रही है।
ये भी पढ़े: Aaj Ka Rashifal : जानें आपकी राशि के लिए क्या कहते हैं आज के सितारे

