Thursday, Aug 27

होम = News Big = सड़ा खाना, कीड़े-मकौड़े, 87kg एक्सपायर्ड मिठाई…BRICS से पहले दिल्ली के JW Marriott और Andaz को FSSAI का नोटिस

सड़ा खाना, कीड़े-मकौड़े, 87kg एक्सपायर्ड मिठाई…BRICS से पहले दिल्ली के JW Marriott और Andaz को FSSAI का नोटिस

Delhi: नई दिल्ली के Aerocity स्थित दो फाइव स्टार होटलों Andaz Delhi और JW Marriott पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कार्रवाई की है। बुधवार को जारी जानकारी के मुताबिक, जांच में दोनों होटलों में गंभीर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी खामियां मिलीं। दोनों को नोटिस जारी किए गए हैं। खास बात यह है कि दोनों होटल BRICS Business Forum की आधिकारिक वेबसाइट पर मेजबान या ठहरने के स्थानों में शामिल हैं। भारत 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें BRICS Summit की मेजबानी करेगा।

Andaz Delhi में 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाई

FSSAI के मुताबिक Andaz Delhi by Hyatt के कन्फेक्शनरी सेक्शन से करीब 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाई मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। एक्सपायर्ड स्टिकर वाले ब्रेड पैकेट, पुराने केक बेस, मक्खियां और कॉकरोच भी मिले। किचन में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए इस्तेमाल होने वाले कटिंग बोर्ड एक ही पानी के कंटेनर में रखे पाए गए, जिससे क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा था।

JW Marriott में कॉकरोच और फल मक्खियों का संक्रमण

JW Marriott Aerocity में बिना जरूरी लाइसेंस के JW Marriott ब्रांड के तहत रिटेल गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई। पनीर, खोया और चना मसाला जैसे पैक्ड उत्पादों पर निर्माता का पता नहीं था या लाइसेंस नंबर गलत छपे थे। मुख्य FSSAI लाइसेंस भी प्रमुखता से प्रदर्शित नहीं था। जांच में कॉकरोच और फल मक्खियों का सक्रिय संक्रमण, गंदी खाद्य-संपर्क सतहें और बिना धुले बर्तन मिले। पीने के पानी में भी कण दिखाई दिए।

इसके अलावा फफूंद लगे सेब और सड़े टमाटर जैसे खराब खाद्य पदार्थ मिले। कई चीजें खुले में या क्षतिग्रस्त कंटेनरों में रखी थीं। शाकाहारी-मांसाहारी खाद्य पदार्थों का सही अलगाव, तापमान नियंत्रण और जरूरी लेबलिंग भी नहीं की जा रही थी। FSSAI ने दोनों होटलों से रेगुलेटरी और सर्विलांस सैंपल लिए हैं। आगे की कार्रवाई होटल के अनुपालन और सैंपल जांच की रिपोर्ट के आधार पर होगी।

ये भी पढ़े: रक्षाबंधन से पहले नकली मिठाई पर बड़ा एक्शन, 80 किलो खोया और 40 किलो बर्फी बरामद; कारखाना सील