Independence Day Gallantry Awards 2026: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 78 वीरता पुरस्कारों और 89 मेंशन इन डिस्पैचेज को मंजूरी दी है। राष्ट्रपति भवन ने शुक्रवार शाम पुरस्कारों की सूची जारी की। 78 सम्मान पाने वालों में 13 जवानों को मरणोपरांत पुरस्कार दिया जा रहा है। इनमें सेना, नौसेना, वायुसेना और गृह मंत्रालय के तहत आने वाले सुरक्षाबलों के जवान शामिल हैं। राष्ट्रपति ने 9 कीर्ति चक्र, 1 शौर्य चक्र बार, 19 शौर्य चक्र, 5 सेना मेडल बार, 36 सेना मेडल, 3 नौसेना मेडल और 5 वायुसेना मेडल को मंजूरी दी है।
गजेंद्र सिंह समेत 9 को कीर्ति चक्र
शांतिकाल का दूसरा सर्वोच्च वीरता सम्मान कीर्ति चक्र लेफ्टिनेंट कर्नल मानेओ फ्रांसिस, मेजर जितेंद्र राठी और हवलदार गजेंद्र सिंह समेत 9 जवानों को मिलेगा। गजेंद्र सिंह को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया है। गृह मंत्रालय के बलों से हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह, कांस्टेबल जसवंत सिंह, बलविंदर सिंह, तारिक हुसैन, हेड कांस्टेबल बशीर अहमद और STF इंस्पेक्टर सुनील कुमार भी सम्मानित होंगे।
19 को शौर्य चक्र, मेजर आदित्य को बार
असम राइफल्स के मेजर आदित्य प्रताप सिंह को शौर्य चक्र बार मिलेगा। उन्हें पहले भी शौर्य चक्र मिल चुका है, इसलिए दोबारा सम्मान पर मेडल की जगह रिबन पर बार जोड़ा जाता है। 19 शौर्य चक्र विजेताओं में मेजर परमवीर, मेजर तरुण वासुदेवन, नायब सूबेदार शंकर राम, हवलदार जगतार सिंह और लांस नायक नरेंद्र सिंधु शामिल हैं। नरेंद्र सिंधु को मरणोपरांत सम्मान मिलेगा। नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर शिवम कुमार, वायुसेना के स्क्वॉड्रन लीडर सुधीर कुमार और गृह मंत्रालय के छह कर्मियों को भी शौर्य चक्र मिलेगा।
36 सेना मेडल और 89 मेंशन इन डिस्पैचेज
मेजर डीएस पाओशो और मेजर कृष्णकांत समेत 5 अधिकारियों को सेना मेडल बार मिलेगा। 36 सेना मेडल पाने वालों में कर्नल पुष्कर विजय चौधरी, मेजर मोहित पोडिया, कैप्टन करण सिंह चीमा, कैप्टन अंशुमान सिंह और सूबेदार पवन कुमार शामिल हैं। सूबेदार प्रभात गौर, लांस हवलदार पलाश घोष और सिपाही हरमिंदर सिंह समेत 5 को मरणोपरांत सेना मेडल मिलेगा। नौसेना के कमांडर विनीत शर्मा, कमांडर युवराज कुमार और अविनाश अन्नासो तथा वायुसेना के ग्रुप कैप्टन राहुल जगोटा, ग्रुप कैप्टन राहुल रावत, विंग कमांडर आशीष राजपूत, फ्लाइट लेफ्टिनेंट यश और MWO रविंदरजीत सिंह को भी सम्मान मिलेगा। इसके अलावा 89 मेंशन इन डिस्पैचेज में सेना के 75, नौसेना के 4 और वायुसेना के 10 कर्मी शामिल हैं।
ये भी पढ़े: ‘आतंकवाद को पनाह देने वाले देश से सिंधु संधि रोकना निर्णायक’: राष्ट्रपति

