सियालकोट में टिकटॉकर मिस्टर पैटलो की मेहंदी और लकी ड्रॉ कार्यक्रम के दौरान भगदड़ में दो लोगों की मौत हो गई।
पाकिस्तान के सियालकोट जिले में एक टिकटॉकर की मेहंदी और पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान भगदड़ मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हुए हैं। यह कार्यक्रम टिकटॉकर मुहम्मद अंसार जट्ट ने आयोजित किया था, जो सोशल मीडिया पर 'मिस्टर पैटलो' के नाम से मशहूर हैं।
यह घटना शुक्रवार रात डस्का रोड स्थित फराज क्रिकेट ग्राउंड में हुई। कार्यक्रम में लकी ड्रॉ के जरिए 50 मोटरसाइकिल और एक कार देने का ऐलान किया गया था। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए थे।
पाकिस्तानी अखबार 'डॉन' के मुताबिक, स्टेडियम के गेट खुलते ही लोगों ने एक साथ अंदर जाने की कोशिश की। इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कई लोग भीड़ के नीचे दब गए।
पुलिस के अनुसार, लाउडस्पीकर पर सभी लोगों को एक साथ मैदान में प्रवेश करने के लिए कहा गया था। इससे स्थिति और बिगड़ गई। शुरुआत में रेस्क्यू 1122 ने एक व्यक्ति की मौत और 13 लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी।
बाद में घायलों की संख्या 18 बताई गई। इनमें से एक अन्य व्यक्ति ने सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या दो हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आयोजकों ने सोशल मीडिया पर लकी ड्रॉ का प्रचार किया था। इसमें 50 मोटरसाइकिल, एक कार और दूसरे कीमती सामान देने का वादा किया गया था।
इस घोषणा के बाद सियालकोट और पंजाब के दूसरे इलाकों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। हालांकि, आयोजन स्थल पर भीड़ को संभालने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
पुलिस ने लकी ड्रॉ के लिए रखी गई 50 मोटरसाइकिलें और एक कार भी जब्त कर ली है।
सियालकोट के जिला पुलिस अधिकारी दोस्त मुहम्मद ने बताया कि कार्यक्रम के प्रबंधन से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
टिकटॉकर अंसार जट्ट भी घटना के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए टीमें बनाई हैं।
सियालकोट जिला प्रशासन के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए जारी NOC एक निजी और बंद स्थान पर महफिल-ए-समा आयोजित करने के लिए दिया गया था। लेकिन आयोजकों ने फराज क्रिकेट ग्राउंड में बड़ा सार्वजनिक आयोजन कर दिया।
प्रशासन के अनुसार, अनुमति में कार्यक्रम का समय ईशा की नमाज के बाद निर्धारित था, लेकिन आयोजन की तैयारियों में दोपहर से ही अनियमितताओं की शिकायतें मिलने लगी थीं। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर ने NOC रद्द कर दिया।
31 अक्टूबर को मोटरा पुलिस स्टेशन में इस मामले में FIR दर्ज की गई। इसमें अंसार जट्ट, उसके भाई, क्रिकेट ग्राउंड के मालिक और अन्य आयोजकों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा 40 से 45 अज्ञात सुरक्षा गार्डों को भी आरोपी बनाया गया है।
आरोपियों पर अनुमति की शर्तों और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने समेत कई धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Binance CFO: क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज Binance में बड़े बदलाव की खबर सामने आई है। कंपनी के…
PM Modi Diwali: इस बार छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाते हुए…
Ramayana Movie: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर निर्माताओं ने सख्त रुख अपनाया है।…
Abhijeet Dipke: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को कोच्चि से मुंबई लौटते…
India vs New Zealand: वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम…
Delhi Air Pollution: रविवार की सुबह दिल्ली की हवा और जहरीली हो गई है। राजधानी…