UNGA Session
UNGA Session : इस महीने के अंत में होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें उच्च-स्तरीय सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और 27 सितंबर को आम बहस को संबोधित करेंगे।
संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र 9 सितंबर से शुरू होगा, जबकि उच्च-स्तरीय आम बहस 23 से 29 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। परंपरा के मुताबिक इस बहस की शुरुआत ब्राजील करेगा, इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को सभा को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में संयुक्त राष्ट्र मंच से उनका पहला भाषण होगा।
संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी ताज़ा कार्यक्रम सूची के अनुसार, भारत की ओर से इस बार पीएम मोदी की जगह विदेश मंत्री जयशंकर (UNGA Session) को वक्ता के रूप में नामित किया गया है। इससे पहले जुलाई में जारी प्रारंभिक सूची में पीएम मोदी को 26 सितंबर को बोलना था। उसी दिन इस्राइल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के शीर्ष नेता भी मंच से संबोधित करने वाले हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने स्पष्ट किया है कि आम बहस के वक्ताओं की यह सूची अस्थायी होती है और उच्च-स्तरीय सप्ताह के दौरान इसमें बदलाव की संभावना बनी रहती है।
हर साल सितंबर में शुरू होने वाला यह वार्षिक उच्च-स्तरीय सत्र कूटनीति के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस बार यह सत्र ऐसे समय हो रहा है जब दुनिया इस्राइल-हमास युद्ध और रूस-यूक्रेन संघर्ष जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। 80वें सत्र का विषय है “एक साथ बेहतर शांति, विकास और मानवाधिकारों के लिए 80 वर्ष और आगे”।
22 सितंबर को महासभा की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष बैठक आयोजित होगी। महिलाओं पर चौथे विश्व सम्मेलन की 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर उच्च-स्तरीय बैठक होगी, जिसमें 1995 के बीजिंग सम्मेलन के बाद हुई प्रगति और चुनौतियों की समीक्षा की जाएगी। 24 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस जलवायु शिखर सम्मेलन की मेज़बानी करेंगे। इस दौरान विश्व नेता नई जलवायु कार्य योजनाओं और स्वच्छ ऊर्जा के अवसरों पर चर्चा करेंगे। म्यांमार में रोहिंग्या मुसलमानों व अन्य अल्पसंख्यकों की स्थिति भी विशेष रूप से चर्चा का विषय होगी।
ये भी पढ़े – भारत ने ट्रंप के बयान पर टिप्पणी से किया इनकार, नवारो के आरोपों को किया खारिज
गौरतलब है कि पीएम मोदी इसी साल फरवरी में अमेरिका गए थे, जहां उनकी मुलाकात राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से हुई थी। उस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों पर बातचीत हुई थी। ट्रंप प्रशासन ने भारत पर कई उत्पादों पर ऊंचे आयात शुल्क लगाए हैं, जिनमें रूसी तेल की खरीद पर अतिरिक्त टैरिफ भी शामिल है। ऐसे में पीएम मोदी का इस बार संयुक्त राष्ट्र महासभा में न जाना कूटनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
IIT Bombay Student Death: IIT बॉम्बे के 20 वर्षीय BTech छात्र के माता-पिता ने मुंबई…
Rahul Gandhi Vote Chori Allegation: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को मुख्य…
AI E-Waste: दुनिया में AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग मशीनों…
Meerut: मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट के ध्वस्तीकरण से प्रभावित करीब 650 व्यापारियों को…
ECINet Voter Deletion Rollback: चुनाव आयोग ने India Today को बताया कि ECINet सिस्टम में…
CJP Gyanesh Kumar Resignation Demand: नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर Cockroach Janta Party (CJP)…