Rajya Sabha elections 2026: राज्यसभा की 37 सीटें जो अप्रैल के महीने में खाली हो रही हैं उनके चुनाव की तारीख़ों का ऐलान हो गया है. नामांकन की आख़िरी तारीख पांच मार्च है और मतदान की तारीख 16 मार्च है. कांग्रेस के लिहाज से बात करें तो उसके 4 सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है. खाली हो रही 37 सीटों में से कांग्रेस को कम से कम 5 सीटें मिलती नजर आ रही हैं.
कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी, केटीएस तुलसी, फूलो देवी नेताम और रजनी पाटिल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है. पूरी संभावना है कि वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी को तेलंगाना से एक बार फिर राज्यसभा भेजा जा सकता है.
तेलंगाना से कांग्रेस को एक और सीट मिल सकती है. एक सीट के लिए कोटा 40 का है. कांग्रेस के पास 76 विधायक हैं. यानी एक और सीट के लिए कांग्रेस को केवल चार अतिरिक्त विधायकों की जरूरत पड़ेगी, जिसमें कोई मुश्किल नहीं आने वाली. सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को इस रेस में माना जा रहा है. जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में विपक्ष ने रेड्डी को उम्मीदवार बनाया था. यह भी संभव है कि तेलंगाना से कांग्रेस किसी अल्पसंख्यक नेता को राज्यसभा भेजे.
छत्तीसगढ़ से खाली हो रही दोनों सीटें पिछली बार कांग्रेस के खाते में गई थी लेकिन इस बार पार्टी एक ही सीट जीत पाएगी. ऐसे में वरिष्ठ वकील केटीएस तुलसी का राज्यसभा आ पाना मुश्किल है. वो राज्य से बाहर के भी हैं और उनकी उम्र भी ज़्यादा हो चुकी है. देखने वाली बात होगी कि आदिवासी समाज से आने वाली फूलो देवी नेताम को दुबारा मौक़ा मिलता है या नहीं. नेताम का पत्ता कटा तो फिर पूर्व मुख्यमत्री भूपेश बघेल या पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव को राज्यसभा भेजा जा सकता है. आदिवासी समाज से ही किसी दूसरे नेता को भी मौका मिल सकता है.
वहीं, हिमाचल प्रदेश से आने वाली राज्यसभा की एक सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प है. कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या कांग्रेस वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को मौक़ा देगी या पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को राज्यसभा भेजेगी ? क्या बड़े नामों की जगह किसी स्थानीय नेता को मौक़ा मिलेगा या फिर पार्टी से बाहर से कोई उम्मीदवार भेजने का रिस्क उठाएगी? हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के 40 विधायक हैं और जीत का कोटा 35 है.
इसके अलावा हरियाणा से कांग्रेस को एक सीट मिलेगी. माना जा रहा है हरियाणा से कांग्रेस की टिकट उसी को मिलेगी जिसे भूपेंद्र सिंह हुड्डा चाहेंगे. ऐसे में हुड्डा कैम्प से राज बब्बर और उदयभान को रेस में आगे बताया जा रहा है. राहुल गांधी के करीबी और कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रमुख अनिल जयहिंद को भी दावेदार माना जा रहा है. जानकर बताते हैं कि हरियाणा से कोई चौंकाने वाला नाम भी हो सकता है.
हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से सरप्राइज के तौर पर कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और सोशल मीडिया प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत को भी राज्यसभा की रेस में शामिल माना जा रहा है.
महाराष्ट्र से कांग्रेस की सांसद रजनी पाटिल का कार्यकाल खत्म हो रहा है. इसके साथ ही एनसीपी एसपी से शरद पवार, फौजिया खान और शिवसेना यूबीटी से प्रियंका चतुर्वेदी का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है. महाराष्ट्र में समूचा विपक्ष मिलकर एक सीट हासिल कर सकता है. ऐसे में साफ़ नहीं है कि किसकी लॉटरी लगेगी!
कनिका कटियार (दिल्ली)
IIT Bombay Student Death: IIT बॉम्बे के 20 वर्षीय BTech छात्र के माता-पिता ने मुंबई…
Rahul Gandhi Vote Chori Allegation: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को मुख्य…
AI E-Waste: दुनिया में AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग मशीनों…
Meerut: मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट के ध्वस्तीकरण से प्रभावित करीब 650 व्यापारियों को…
ECINet Voter Deletion Rollback: चुनाव आयोग ने India Today को बताया कि ECINet सिस्टम में…
CJP Gyanesh Kumar Resignation Demand: नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर Cockroach Janta Party (CJP)…