Monday, Aug 31

होम = Cover Story Top = आगरा ट्रेन हत्याकांड: महिला के टुकड़े कर सूटकेस में रखे, 24 दिन बाद पति-पत्नी मणिपुर से गिरफ्तार

आगरा ट्रेन हत्याकांड: महिला के टुकड़े कर सूटकेस में रखे, 24 दिन बाद पति-पत्नी मणिपुर से गिरफ्तार

Tamil Nadu Express murder case: तमिलनाडु एक्सप्रेस में लाल सूटकेस के अंदर 38 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को मणिपुर से गिरफ्तार किया है। असम के कछार निवासी 22 वर्षीय माणिक उद्दीन लश्कर और ओडिशा के केंदुझर की 21 वर्षीय भगाबती माझी को शनिवार को जिरीबाम जिले में मणिपुर और तमिलनाडु पुलिस की संयुक्त टीम ने पकड़ा। दोनों 24 दिनों से फरार थे।

ऐसे खुला हत्याकांड

5 अगस्त को आगरा कैंट स्टेशन पहुंची ट्रेन के अनारक्षित डिब्बे में पड़े लाल सूटकेस से तेज बदबू आने पर यात्रियों ने GRP को सूचना दी। सूटकेस में महिला का सिर कटा शव मिला। फॉरेंसिक जांच में मृतका की पहचान ओडिशा निवासी हयातुन निशा के रूप में हुई, जो चेन्नई के गुडुवंचेरी में रहती और निजी कंपनी में काम करती थी। पुलिस ने चेन्नई सेंट्रल की CCTV फुटेज खंगाली, जिसमें लश्कर भारी सूटकेस ले जाते और माझी को उसके साथ देखा गया। जांच टीम गुडुवंचेरी स्थित उनके किराए के घर तक पहुंची, जहां एक बड़े खाना पकाने के बर्तन में शरीर के अन्य टुकड़े मिले।

मणिपुर में दबोचा

मामला पहले गुमशुदगी के तौर पर दर्ज था, लेकिन शव मिलने के बाद हत्या की धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी बनाए गए दंपति के फरार होने पर देशभर में तलाश शुरू हुई और शनिवार को जिरीबाम के काशिमपुर से उन्हें पकड़ा गया। दोनों को स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर ट्रांजिट वारंट पर तमिलनाडु ले जाया जाएगा। हत्या की वजह पूछताछ के बाद सामने आएगी।

ये भी पढ़े: कैसे नेपाली शिक्षक की सूझबूझ ने भीषण बाढ़ से बचाई 1,643 बच्चों की जान