UPI Transactions September 2026: डिजिटल पेमेंट के मोर्चे पर सितंबर में UPI लेनदेन की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में UPI के जरिए होने वाले लेनदेन की संख्या मासिक आधार पर 1.8 प्रतिशत घटकर 2,407 करोड़ रह गई। अगस्त में यह आंकड़ा 2,450 करोड़ था। लेनदेन की संख्या के साथ ही UPI के जरिए भेजी गई कुल रकम में भी गिरावट दर्ज हुई। सितंबर में UPI लेनदेन की कुल वैल्यू 1.50 प्रतिशत घटकर 29.37 लाख करोड़ रुपये रही, जबकि अगस्त में यह 29.82 लाख करोड़ रुपये थी। ये आंकड़े ऐसे समय आए हैं, जब बड़े भुगतान पर MDR को लेकर चर्चा तेज है।
31 दिन और 30 दिन का भी पड़ा असर
ये आंकड़े कारोबारियों के लिए अधिक राशि वाले UPI भुगतान पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू होने से करीब दो सप्ताह पहले आए हैं। PTI के मुताबिक, उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि लेनदेन में मासिक गिरावट की एक वजह अगस्त में 31 और सितंबर में 30 दिन होना भी है। हालांकि, दैनिक औसत लेनदेन सितंबर में बढ़कर 80.2 करोड़ हो गया, जबकि अगस्त में यह 79.1 करोड़ था।
IMPS, RTGS और NEFT से भी हुए करोड़ों लेनदेन
आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में तत्काल भुगतान सेवा (IMPS) के जरिए 35.40 करोड़ लेनदेन हुए, जिनकी कुल वैल्यू 7.05 लाख करोड़ रुपये रही। वहीं, RTGS के जरिए 3.25 करोड़ लेनदेन हुए और इनकी कुल वैल्यू 235.71 लाख करोड़ रुपये रही। NEFT के जरिए सितंबर में 86.2 करोड़ लेनदेन हुए, जिनकी कुल वैल्यू 46.75 लाख करोड़ रुपये दर्ज की गई।
ये भी पढ़ें: यूपीआई पर MDR को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तोड़ी चुप्पी, कहा- न टैक्स है न सेस
‘UPI टैक्स वापस लीजिए मोदी जी’, ट्रंप का जिक्र कर राहुल गांधी ने PM मोदी को घेरा

