IIT Bombay Director Shirish Kedare: आईआईटी बॉम्बे में छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के बाद कैंपस में उठे सवालों के बीच अब बड़ी खबर सामने आई है। संस्थान के डायरेक्टर शिरीष केदरे के आज इस्तीफा देने की चर्चा है। इस मामले के बाद छात्रों की ओर से उठाई गई मांगों और संस्थान की व्यवस्था को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं।
आईआईटी कैंपस में छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। इस बीच डायरेक्टर प्रो. शिरीष केदरे ने रविवार रात छात्रों के बीच इस्तीफा देने का ऐलान किया था। छात्रों ने डायरेक्टर के सामने 18 मांगें रखी थीं, जिन्हें उन्होंने मान लिया। इसके बाद उन्होंने कहा था कि वह सोमवार को अपना इस्तीफा देंगे। ऐसे में आज उनके इस्तीफे की संभावना है।
22 वर्षीय साहिल वाकोडे के सुसाइड के बाद से छात्र आईआईटी प्रशासन पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। साहिल एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक सेकंड ईयर का छात्र था। उसकी मौत के बाद से ही कैंपस में छात्रों का प्रदर्शन जारी है और वे प्रशासन से अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
साहिल 18 सितंबर की शाम आईआईटी बॉम्बे के हॉस्टल नंबर-4 स्थित अपने कमरे में मृत मिला था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्रों का आरोप है कि कथित हैरेसमेंट की वजह से साहिल ने आत्महत्या की। पिछले तीन दिनों से आईआईटी बॉम्बे कैंपस में छात्रों का प्रदर्शन जारी है। बताया गया कि परीक्षा देने के बाद साहिल शाम करीब 4 बजे हॉस्टल लौटा था, जहां देर रात उसका शव फंदे से लटका मिला।
छात्रों के मुताबिक, यह आईआईटी बॉम्बे में सात महीने के भीतर आत्महत्या का तीसरा मामला है। वहीं, देशभर के आईआईटी में इस साल 9 छात्रों की आत्महत्या की बात सामने आई है। प्रदर्शन के दौरान इंडिया टीवी से बातचीत में आईआईटी बॉम्बे के डायरेक्टर प्रो. शिरीष केदरे ने कहा कि इस मामले की पूरी जिम्मेदारी उनकी है।
साहिल वाकोडे की मौत के बाद छात्रों ने IIT बॉम्बे के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें परीक्षा के इनवेस्टिगेटर प्रो. सूर्यनारायण के निलंबन, साहिल की मौत की स्वतंत्र जांच, संस्थान की माफी, प्रोफेसरों के लिए आचार संहिता और छात्रों के लिए बेहतर काउंसलिंग व मानसिक स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं। छात्रों ने 22 सितंबर तक ओपन हाउस, 26 सितंबर तक मांगों की कार्ययोजना और 30 सितंबर तक जांच की अंतरिम रिपोर्ट की मांग की है। साथ ही शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल छात्रों पर कार्रवाई न करने का लिखित आश्वासन और एक महीने में सुधार लागू नहीं होने पर डायरेक्टर शिरीष केदरे के इस्तीफे की मांग की गई है।
IIT Bombay Student Death: IIT बॉम्बे के 20 वर्षीय BTech छात्र के माता-पिता ने मुंबई…
Rahul Gandhi Vote Chori Allegation: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को मुख्य…
AI E-Waste: दुनिया में AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग मशीनों…
Meerut: मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट के ध्वस्तीकरण से प्रभावित करीब 650 व्यापारियों को…
ECINet Voter Deletion Rollback: चुनाव आयोग ने India Today को बताया कि ECINet सिस्टम में…
CJP Gyanesh Kumar Resignation Demand: नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर Cockroach Janta Party (CJP)…