Manipur Assam Rifles attack: मणिपुर के सेनापति जिले में मंगलवार देर रात उस समय तनाव बढ़ गया, जब बड़ी संख्या में लोगों ने असम राइफल्स के एक कैंप पर हमला कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षाबलों ने संयम बरतते हुए हालात पर काबू पा लिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
असम राइफल्स के अनुसार, उन्हें NSCN (IM) के कुछ सशस्त्र कैडरों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके आधार पर मकुइलोंगडी क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया गया। सोशल मीडिया पर भी हथियारों और वर्दी में कैडरों की गतिविधियों की जानकारी सामने आई थी, जिसे संघर्षविराम समझौते के नियमों का उल्लंघन माना गया।
तलाशी अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मौके पर पहुंच गए और सुरक्षा बलों को आगे बढ़ने से रोक दिया। स्थिति को शांत रखने के लिए सुरक्षाबलों ने स्थानीय प्रतिनिधियों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि गांव में बिना पूर्व अनुमति प्रवेश नहीं किया जाएगा।
रात करीब 9:30 बजे बड़ी संख्या में लोग असम राइफल्स कैंप के बाहर जमा हो गए। भीड़ ने पथराव किया, तोड़फोड़ की और कैंप में आग लगाने का प्रयास किया। हालात बिगड़ने पर सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए ब्लैंक फायर और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस कार्रवाई में मणिपुर पुलिस और CRPF ने भी असम राइफल्स का सहयोग किया।
हिंसा के दौरान असम राइफल्स के एक हल्के वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। वहीं दो ट्रकों को पलटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जबकि एक निजी कार भी आग की चपेट में आ गई। सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई के बाद आधी रात तक हालात पूरी तरह नियंत्रण में आ गए। प्रशासन ने बताया कि घटना में किसी नागरिक या सुरक्षाकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है और फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है।
इसी बीच, मणिपुर के इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट और चुराचांदपुर जिलों में चलाए गए अलग-अलग अभियानों के दौरान सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की। एक आरोपी को असॉल्ट राइफल और पिस्तौल के साथ गिरफ्तार भी किया गया।
बुधवार सुबह मणिपुर पुलिस और 33 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने इंफाल वेस्ट जिले के वांगोई थाना क्षेत्र में लोकटक झील के निकट इशोक मामंग लीकाई इलाके में छापेमारी की। इस दौरान वहां छिपाकर रखे गए हथियार और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया। मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: पहले वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ रोहित-विराट फेल, भारत 6 विकेट से जीता; अक्षर पटेल बने POM
Pakistan Afghanistan Conflict: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ…
Samastipur: बिहार में जमुई की घटना के कुछ ही दिनों बाद समस्तीपुर से भी युवती…
Trump White House Media Ban: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के CNN, MS NOW और…
Shah Rukh Khan Net Worth: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान एक बार फिर भारत के…
Silver Price Today: चांदी की कीमतों में आज नरमी देखने को मिली है। भारत में…
Vande Bharat Chair Car: वंदे भारत ट्रेन के नए चेयर कार रेक ने हाई-स्पीड ट्रायल…