MP: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में शनिवार रात करीब 2 बजे वार्मर मशीन में आग लगने से एक नवजात की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। आग वार्मर के फिलामेंट से निकली चिंगारी के कारण लगी। अस्पताल कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया।
जिला अस्पताल की सिविल सर्जन कंचन दुबे के अनुसार, तीनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया। एक नवजात की हालत गंभीर थी और उसे सर्जरी की जरूरत थी। छिंदवाड़ा में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे जबलपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के समय कुछ घंटे का था एक नवजात
अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित नवजातों में से एक का जन्म घटना से कुछ घंटे पहले ही शिवानी वर्मा और आदित्य वर्मा के घर हुआ था। अस्पताल प्रशासन ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने X पर पोस्ट कर BJP सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अस्पताल मरीजों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। सिंघार ने सभी सरकारी अस्पतालों में तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट कराने और मुख्यमंत्री मोहन यादव से मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
ये भी पढ़े: IIT दिल्ली में M.Sc फिजिक्स के 31 वर्षीय छात्र ने छठी मंजिल से लगाई छलांग, पुलिस जांच में जुटी

