Mumbai News
Mumbai News : मुंबई में गुरुवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को दहला दिया। उपनगरीय इलाके में स्थित आरए स्टूडियो में एक युवक ने दिनदहाड़े करीब 15 से 20 बच्चों को बंधक बना लिया। यह घटना उस समय हुई जब स्टूडियो की पहली मंजिल पर एक्टिंग क्लासेस और ऑडिशन चल रहे थे। खिड़कियों से बच्चों को मदद के लिए झांकते देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, पिछले चार से पांच दिनों से स्टूडियो में बच्चों का ऑडिशन चल रहा था। ऑडिशन आयोजित करने वाला युवक रोहित, खुद को एक यूट्यूबर बताता था। गुरुवार सुबह उसने करीब 100 बच्चों को ऑडिशन के लिए बुलाया था। बताया जा रहा है कि दोपहर तक लगभग 80 बच्चों को घर भेजने के बाद, उसने बचे हुए 15-20 बच्चों को एक कमरे में बंद कर लिया। बच्चों के चिल्लाने और खिड़कियों से झांकने पर लोगों को शक हुआ।
घटना की खबर मिलते ही मुंबई पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची। स्टूडियो को चारों तरफ से घेर लिया गया और इलाके को पूरी तरह सील कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने आरोपी से संपर्क साधने की कई कोशिशें की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि, “बच्चों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।”
इस बीच, आरोपी रोहित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने कहा कि वह न तो आतंकवादी है और न ही उसने पैसों के लिए ऐसा किया। उसने दावा किया कि यह सब उसने किसी “मिशन” के तहत और “सवालों के जवाब पाने” के लिए किया है। रोहित ने यह भी चेतावनी दी कि यदि उसे जवाब नहीं मिले तो “कुछ भी हो सकता है।”
घटना की खबर मिलते ही बच्चों के माता-पिता स्टूडियो के बाहर जमा हो गए। कुछ लोग अपने बच्चों से संपर्क करने की कोशिश करते दिखे, लेकिन पुलिस ने किसी को अंदर नहीं जाने दिया। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
मुंबई पुलिस, एनडीआरएफ और रेस्क्यू टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आरोपी रोहित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी बच्चों को मेडिकल जांच के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब स्टूडियो की तलाशी में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी के साथ कोई और शामिल था या नहीं।
ये भी पढ़े - नागपुर में किसानों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी, बच्चू कडु बोले-‘जरूरत पड़ी तो…’
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 30 वर्षीय रोहित स्टूडियो में अस्थायी कर्मचारी था और सोशल मीडिया पर एक्टिंग से जुड़े वीडियो बनाता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्थिर व्यवहार कर रहा था। पुलिस अब उसके पृष्ठभूमि और मकसद की गहराई से जांच कर रही है।
Congo Ebola Attack: अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) के पूर्वी हिस्से में इबोला…
Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल में एक दर्दनाक हादसे में तीन किशोरों की तालाब…
Bulgaria Road Accident: यूरोपीय देश बुल्गारिया में मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण भीषण सड़क…
Sonia Gandhi Pranab Mukherjee PM Ambition: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा Belonging:…
Vande Bharat Express Stone Pelting: गुजरात के अमरेली जिले में साबरमती से वेरावल जा रही…
Baghpat: उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली पर पटाखे चलाने को लेकर हुआ मामूली विवाद…