Inspector Sunil Kumar martyr: उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए यह पल गर्व और सम्मान से भरा है। STF के शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े शांतिकालीन वीरता पुरस्कार ‘कीर्ति चक्र’ से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे यूपी पुलिस के इतिहास का ऐतिहासिक और स्वर्णिम क्षण बताते हुए उनके बलिदान को नमन किया।
UP Police के इतिहास में पहली बार कीर्ति चक्र
यह उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में पहला मौका है, जब बल के किसी वीर जवान को ‘कीर्ति चक्र’ से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे अभूतपूर्व उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान न सिर्फ प्रदेश के पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि हर उत्तर प्रदेशवासी के लिए गर्व का विषय है।
पुलिसकर्मियों के लिए बना प्रेरणा का क्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंस्पेक्टर सुनील कुमार का बलिदान और उनकी वीरता आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देगी। उन्होंने इस सम्मान को यूपी पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण की पहचान बताया।
शामली मुठभेड़ में शहीद हुए थे इंस्पेक्टर सुनील कुमार
20 जनवरी 2025 को उत्तर प्रदेश के शामली जिले में दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ चलाए गए एक बेहद जोखिम भरे मुठभेड़ अभियान का नेतृत्व करते हुए इंस्पेक्टर सुनील कुमार वीरगति को प्राप्त हुए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमर बलिदानी इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने 'जय हिंद' के नारे के साथ देश की सुरक्षा में उनके योगदान को नमन किया।
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का यह पावन पर्व मां भारती के गौरव, अमर बलिदानियों के त्याग और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है। मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को उन्होंने कोटि-कोटि नमन किया।

