Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने एक बार फिर प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया है। शुक्रवार शाम हुए इस हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई। गोलीबारी में घायल दोनों मजदूरों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार
घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर शोक व्यक्त किया। उस समय तक एक श्रमिक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे का अस्पताल में इलाज चल रहा था। सीएम साय ने लिखा कि कुलगाम में हुआ कायराना आतंकी हमला बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि घायल श्रमिक के समुचित इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं और छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। साथ ही उन्होंने मृतक को श्रद्धांजलि और घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों पर की गई फायरिंग
कुलगाम के केलम इलाके में देर शाम आतंकियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

