Commonwealth Games 2026: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का पदक खाता खुल गया है। बिहार के पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुष हेवीवेट वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश को पहला पदक दिलाया। वहीं बॉक्सिंग और लॉन बॉल्स में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई।
झंडू कुमार ने ऐसे जीता ब्रॉन्ज
28 वर्षीय झंडू कुमार ने पुरुष हेवीवेट वर्ग के ग्रुप-बी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले प्रयास में 181 किलोग्राम और दूसरे प्रयास में 190 किलोग्राम वजन उठाया। तीसरे प्रयास में उन्होंने 196 किलोग्राम उठाकर बर्मिंघम 2022 का गेम्स रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बावजूद 130.9 अंकों के साथ उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस स्पर्धा में नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने गोल्ड और इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने सिल्वर मेडल जीता।
नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए बेचा था ई-रिक्शा
झंडू कुमार का सफर संघर्ष और जुनून की मिसाल है। वर्ष 2023 में नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए उन्होंने अपना ई-रिक्शा तक बेच दिया था। हालांकि पहले ही टूर्नामेंट में वह कोई सफल लिफ्ट नहीं लगा सके, लेकिन उनकी प्रतिभा को पैरालिंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट राजिंदर सिंह राहेलू ने पहचान लिया। इसके बाद उन्हें SAI सेंटर में ट्रेनिंग का मौका मिला और वहीं से उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की मजबूत शुरुआत हुई।

