होम = State = महाराष्ट्र = महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव: आदित्य ठाकरे के करीबी सचिन अहीर शिंदे गुट में शामिल, उपसभापति पद के उम्मीदवार बने

महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव: आदित्य ठाकरे के करीबी सचिन अहीर शिंदे गुट में शामिल, उपसभापति पद के उम्मीदवार बने

Sachin Ahir joins Shinde Sena: महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आदित्य ठाकरे के करीबी माने जाने वाले विधान परिषद सदस्य सचिन अहीर ने शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया। पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद उन्होंने विधान परिषद के उपसभापति पद के लिए नामांकन भी दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार और भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल मौजूद रहे।

'ऑपरेशन टाइगर-3' की चर्चा

अहीर के इस फैसले से शिवसेना (यूबीटी) में हलचल तेज हो गई है। शिंदे गुट इसे 'ऑपरेशन टाइगर-3' का हिस्सा बता रहा है और दावा कर रहा है कि आने वाले समय में उद्धव ठाकरे खेमे के कई विधायक भी पाला बदल सकते हैं।

सचिन अहीर का राजनीतिक सफर

सचिन अहीर मुंबई की शिवड़ी और वर्ली सीट से तीन बार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक रह चुके हैं तथा राज्य सरकार में गृह निर्माण राज्यमंत्री भी रहे। 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने एनसीपी छोड़कर तत्कालीन अविभाजित शिवसेना जॉइन की, जिसके बाद उन्हें विधान परिषद की सदस्यता मिली। 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने वर्ली से आदित्य ठाकरे के चुनाव अभियान में अहम भूमिका निभाई थी।

वर्ली की राजनीति पर नजर

राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, उपसभापति पद देकर शिंदे गुट वर्ली में सचिन अहीर की राजनीतिक पकड़ मजबूत करना चाहता है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 2029 के विधानसभा चुनाव में वर्ली सीट पर आदित्य ठाकरे और सचिन अहीर के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शिंदे गुट का दावा

शिंदे गुट के विधायक महेंद्र दलवी ने इसे आदित्य ठाकरे के लिए बड़ा राजनीतिक और व्यक्तिगत झटका बताया। उन्होंने दावा किया कि महायुति का 'ऑपरेशन टाइगर-3' शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में उद्धव ठाकरे गुट के कई विधायक एकनाथ शिंदे के साथ जुड़ सकते हैं।

ये भी पढ़े : https://newsindia24x7.tv/siya-chetan-police-custody-july-3/