होम = देश = 1 जुलाई से महंगा होगा पासपोर्ट, 14 साल बाद बढ़ीं फीस

1 जुलाई से महंगा होगा पासपोर्ट, 14 साल बाद बढ़ीं फीस

by | Jun 25, 2026 | देश

New Passport Fees 2026: केंद्र सरकार ने करीब 14 साल बाद पासपोर्ट शुल्क में बढ़ोतरी की है। विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा जारी पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 के तहत नई फीस 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। यह घोषणा उस स्पष्टीकरण के एक दिन बाद हुई है, जिसमें MEA ने कहा था कि पासपोर्ट मुख्य रूप से यात्रा दस्तावेज है, नागरिकता का प्रमाण नहीं।

सामान्य और तत्काल श्रेणी में नई दरें

18 वर्ष या उससे अधिक आयु के आवेदकों के लिए 36 पेज के नए या पुनः जारी पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है, जबकि तत्काल (Tatkaal) शुल्क 3,500 रुपये से बढ़कर 5,000 रुपये हो गया है।

60 पेज के पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये और तत्काल शुल्क 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया है।

खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट पर भी बढ़ा शुल्क

36 पेज के खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के प्रतिस्थापन के लिए सामान्य शुल्क 5,000 रुपये और तत्काल शुल्क 7,500 रुपये होगा। 60 पेज के पासपोर्ट के लिए यह क्रमशः 6,000 और 8,500 रुपये तय किया गया है।

18 वर्ष से कम आयु के आवेदकों के लिए 36 पेज का नया या पुनः जारी पासपोर्ट सामान्य श्रेणी में 1,750 रुपये और तत्काल में 4,250 रुपये का होगा। नाबालिगों के खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के प्रतिस्थापन की फीस 4,250 रुपये (सामान्य) और 6,750 रुपये (तत्काल) होगी।

अन्य सेवाओं की फीस

भारत में इमरजेंसी सर्टिफिकेट मुफ्त रहेगा, जबकि विदेश में इसके लिए 15 अमेरिकी डॉलर देने होंगे। सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी की फीस भारत में 1,000 रुपये और विदेश में 50 डॉलर होगी। PCC, सरेंडर सर्टिफिकेट, ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम सत्यापन और अन्य प्रमाणपत्रों के लिए भारत में 750 रुपये तथा विदेश में 40 डॉलर शुल्क तय किया गया है।

पासपोर्ट फीस में पिछली बार बढ़ोतरी वर्ष 2012 में की गई थी।

ये भी पढ़े: खामेनेई के अंतिम संस्कार का न्योता: क्या मोदी जाएंगे ईरान? भारत के सामने कूटनीतिक चुनौती