होम = Breaking = आज कांग्रेस का देशभर में कैंडल मार्च, छात्रों के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी

आज कांग्रेस का देशभर में कैंडल मार्च, छात्रों के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी

by | Jul 25, 2026 | Breaking, Trending, देश

Congress Protest: कांग्रेस पार्टी ने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी के निर्देश पर शनिवार, 25 जुलाई को देशभर के जिलों में कैंडल मार्च और सत्याग्रह आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए छात्रों के साथ एकजुटता जताई जाएगी और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

जिला स्तर पर आयोजित होंगे कार्यक्रम

कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटियों और जिला इकाइयों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पार्टी ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल होने की अपील की है।

निर्देश के मुताबिक, शनिवार शाम जिला कांग्रेस समितियों की अगुवाई में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। मार्च का समापन महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास किया जाएगा, जहां पार्टी कार्यकर्ता सत्याग्रह भी करेंगे।

छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का अभियान

कांग्रेस ने कहा है कि यह अभियान उन छात्रों और युवाओं के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है, जो शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी कथित अनियमितताओं और समस्याओं से प्रभावित हुए हैं। पार्टी ने कहा कि छात्रों के भविष्य और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर सरकार को गंभीर कदम उठाने चाहिए।

कांग्रेस ने NEET और CBSE से जुड़े मुद्दों को भी इस आंदोलन का हिस्सा बनाया है। पार्टी का आरोप है कि परीक्षा व्यवस्था में सामने आई समस्याओं का सीधा असर छात्रों पर पड़ रहा है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई

कांग्रेस ने परीक्षा व्यवस्था में भरोसा बहाल करने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग एक बार फिर उठाई है। पार्टी का कहना है कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करने और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जरूरत है।

छात्रों, अभिभावकों और नागरिकों से जुड़ने की अपील

कांग्रेस ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के अलावा पार्टी के विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों को भी कार्यक्रम में भाग लेने के निर्देश दिए हैं। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और नागरिक समाज के लोगों को इस अभियान से जोड़ें।

कांग्रेस का कहना है कि कैंडल मार्च और सत्याग्रह के जरिए छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Aaj ka Rashifal : मेष से मीन तक पढ़ें सभी राशियों का भविष्यफल