Abhijeet Dipke: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को कोच्चि से मुंबई लौटते वक्त परेशानी का सामना करना पड़ा। दीपावली से ठीक एक दिन पहले कोच्चि में हुई पार्टी की रैली में शामिल होने के बाद उनकी वापसी आसान नहीं रही। दीपके ने एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीश गवांडे के ट्वीट का जवाब देते हुए बताया कि उन्हें पूरी रात एयरपोर्ट पर गुजारनी पड़ी।
गवांडे ने एयरपोर्ट का अनुभव साझा कर की एयर इंडिया की तारीफ
अनीश गवांडे ने दिवाली के मौके पर एयरपोर्ट का अनुभव साझा करते हुए लिखा कि त्योहार पर लोगों को पारंपरिक कपड़ों में सजे और एक-दूसरे को मुस्कुराकर बधाई देते देखना अच्छा लगता है। उन्होंने एयर इंडिया की तारीफ करते हुए कहा कि विमान के चालक दल की मुस्कान यात्रियों को घर जैसा एहसास कराती है।
दीपके ने बताया- पूरी रात एयरपोर्ट पर बितानी पड़ी
अनीश गवांडे के ट्वीट को रीपोस्ट करते हुए अभिजीत दीपके ने बताया कि उन्हें पूरी रात एयरपोर्ट पर गुजारनी पड़ी। नींद पूरी नहीं हुई थी और वह देर से आने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि कोच्चि के विरोध-प्रदर्शन से किसी तरह घर पहुंचना चाहते थे, ताकि दिवाली पर घर न पहुंचने की वजह से मां की डांट न सुननी पड़े। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने सभी को 'कलह-मुक्त दिवाली' की शुभकामनाएं भी दीं।
दीपके ने 2029 में सत्ता परिवर्तन का किया दावा
कोच्चि में रैली को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी सत्ता से बाहर हो जाएगी। उन्होंने एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लोगों से सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार रहने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की मांग की।
ये भी पढ़ें: इजरायल में नई सरकार की कवायद तेज, आइजेनकोट को मिला पहला मौका

