Abhijit Deepke Father: जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके को लेकर उनके पिता भगवानराव दीपके ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि अभिजीत ने परिवार से साफ कहा था कि उन्हें बार-बार फोन न किया जाए।
'अब मैं सिर्फ आपका बेटा नहीं, पूरे देश का बेटा हूं'
अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दीपके ने 'एएनआई' से बातचीत में बताया कि प्रदर्शन के दौरान पूरा परिवार लगातार चिंता में था। उन्होंने कहा, "20 जुलाई के बाद हमारी बेचैनी काफी बढ़ गई थी। मैंने सोचा था कि दिल्ली जाकर अभिजीत को घर ले आऊं, लेकिन उसने साफ मना कर दिया।" भगवानराव के मुताबिक, अभिजीत ने उनसे कहा, "मुझे बार-बार फोन मत करो। अब मैं सिर्फ आपका बेटा नहीं हूं, पूरे देश का बेटा हूं।" पिता ने बताया कि बेटे की यह बात सुनकर उन्हें उसकी सुरक्षा की चिंता तो हुई, लेकिन उसके संकल्प पर गर्व भी महसूस हुआ।
दीपके ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को बताया सही फैसला
भगवानराव दीपके ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को सही कदम बताते हुए कहा कि इससे छात्रों के लंबे समय से चले आ रहे आक्रोश को राहत मिली। उन्होंने कहा, "यह अच्छा ही हुआ, क्योंकि जो बच्चे उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे, उनमें काफी गुस्सा था। उनके माता-पिता भी नाराज थे। शुरुआत में प्रदर्शन सिर्फ जंतर-मंतर तक सीमित था, लेकिन 20 जुलाई के बाद यह पूरे देश में फैल गया। धर्मेंद्र प्रधान ने बहुत अच्छा कदम उठाया। उन्होंने इस्तीफा देकर बच्चों की बात सुनी और उन्हें खुश कर दिया।"

