Abhijit Dipke Detained: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे सोनम वांगचुक के अनशन के बीच शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। दिल्ली पुलिस वांगचुक को अस्पताल ले गई, जबकि सीजेपी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई हाई कोर्ट के निर्देश और वांगचुक की सेहत को देखते हुए की गई।
जंतर-मंतर पर बढ़ाई गई सुरक्षा
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद जंतर-मंतर पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक धरना स्थल खाली करने की अपील कर रही है। वहीं, दिल्ली पुलिस वांगचुक को इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची है। वांगचुक का अनशन 20वें दिन में था और एक दिन पहले डॉक्टरों ने चेतावनी दी थी कि लंबे समय तक भूखे रहने के कारण उनके अंगों के काम करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है, इसलिए उनकी सेहत पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
सफदरजंग अस्पताल और जंतर-मंतर पर सुरक्षा कड़ी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनम वांगचुक को अस्पताल लाए जाने से पहले ही सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टरों की टीम को अलर्ट पर रखा गया था। उनकी स्वास्थ्य जांच के बाद मेडिकल रिपोर्ट जारी किए जाने की संभावना है। अस्पताल के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी तैनात किए गए हैं। दूसरी ओर, जंतर-मंतर पर चार स्तर की बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए माना जा रहा है कि प्रशासन जल्द ही पूरे धरना स्थल को खाली करा सकता है।

