Attack on Abhishek's House: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अपने कोलकाता स्थित आवास पर हमले का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि बीते मंगलवार की सुबह कुछ लोगों ने उनके घर को निशाना बनाया। घटना का सीसीटीवी फुटेज साझा करते हुए उन्होंने बीजेपी पर इस हमले के पीछे होने का आरोप लगाया। इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
अभिषेक बनर्जी की ओर से साझा किए गए सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति हरे रंग की शर्ट और हेलमेट पहनकर मोटरसाइकिल से उनके आवास के बाहर पहुंचता दिखाई देता है। फुटेज के अनुसार, वह सड़क किनारे पड़ा एक बड़ा पत्थर या ईंट उठाकर घर की ओर फेंकता है। पहली बार पत्थर नीचे गिरने पर वह उसे दोबारा उठाता है और फिर से घर की तरफ फेंकने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो जाता है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।
हमले के बाद BJP पर साधा निशाना
अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि घटना के समय उनके परिवार के सदस्य भी घर के अंदर मौजूद थे और हमले में आवास की एक खिड़की का शीशा टूट गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर टूटी हुई खिड़की की तस्वीरें भी साझा कीं। घटना के बाद उन्होंने BJP पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि हाल ही में पश्चिम बंगाल विधानसभा से पारित 'वेस्ट बंगाल पब्लिक सेफ्टी एंड कंट्रोल ऑफ एंटी-सोशल एक्टिविटीज़ बिल', जिसे 'गुंडा दमन बिल' कहा जा रहा है, क्या उसका इस्तेमाल कथित तौर पर BJP समर्थित असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी समान रूप से किया जाएगा।

