Abhishek Banerjee PA arrest: तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता अभिषेक बनर्जी के पर्सनल सेक्रेटरी सुमित रॉय को सीआईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार, 10 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट से सुमित की अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के तुरंत बाद सीआईडी ने कार्रवाई की। खास बात यह रही कि सुमित रॉय को उनके घर से नहीं, बल्कि अभिषेक बनर्जी के घर से गिरफ्तार किया गया। सालबोनी जमीन घोटाले से जुड़े मामले में यह कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कार्रवाई
सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास से सुमित रॉय को गिरफ्तार किया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने सालबोनी लैंड केस में उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने सुमित की गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी और जांच में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया था। फैसले के बाद सीआईडी ने उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
हिरासत में पूछताछ पर जोर
बंगाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि सालबोनी जमीन मामले में सुमित रॉय से हिरासत में पूछताछ जरूरी है। सरकार का आरोप है कि उन्होंने बैंक खाते में बड़ी रकम जमा की और जांच के दौरान सवालों के जवाब देने से बचते रहे। वहीं, हाईकोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट से भी अग्रिम जमानत नहीं मिलने पर उन्हें शुक्रवार सुबह मेदिनीपुर अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।

