होम = क्राइम = अदिति शर्मा की शिकायत पर FIR दर्ज, पति और ससुराल वाले जांच के घेरे में

अदिति शर्मा की शिकायत पर FIR दर्ज, पति और ससुराल वाले जांच के घेरे में

Aditi Sharma FIR: टीवी एक्ट्रेस अदिति शर्मा ने अपने पति और ससुराल वालों पर घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी शिकायत के आधार पर मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में 31 जुलाई 2026 को FIR दर्ज की गई है।

पति समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप

एफआईआर के मुताबिक, अदिति शर्मा ने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना, मारपीट, गाली-गलौज और चरित्र हनन के आरोप लगाए हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उनके शादी के गहने सास ने अपने पास रख लिए और कई बार मांगने के बावजूद वापस नहीं किए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 316(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के बाद बदला पति का व्यवहार: अदिति

पुलिस को दिए बयान में अदिति शर्मा ने बताया कि उनकी मुलाकात अभिनीत से जून 2021 में ऑनलाइन एक्टिंग कोर्स के दौरान हुई थी। दोनों ने 12 नवंबर 2024 को परिवार की सहमति से शादी की। अदिति का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार बदल गया। कपड़ों और छोटी-छोटी बातों पर विवाद होने लगे, जबकि घर का खर्च उठाने के बजाय वह उनसे पैसे मांगते थे।

विवाद और आरोपों के बीच पुलिस जांच जारी

अदिति शर्मा के आरोपों के मुताबिक, जनवरी 2025 में कॉफी को लेकर हुए विवाद के बाद मामला बढ़ गया। उन्होंने पति पर शक करने, मोबाइल चेक करने और मानसिक प्रताड़ना देने के आरोप लगाए। एक्ट्रेस का कहना है कि झगड़े के दौरान पति अपनी मां और बहन को बुलाते थे, लेकिन विवाद सुलझाने के बजाय उन्हें ताने दिए जाते थे।