Friday, Sep 25

होम = Breaking = मुसलमानों की एंट्री रोकने पर आदित्य ठाकरे का सवाल, ‘हिंदुत्व का सर्टिफिकेट देने वाले ये कौन होते हैं?’

मुसलमानों की एंट्री रोकने पर आदित्य ठाकरे का सवाल, ‘हिंदुत्व का सर्टिफिकेट देने वाले ये कौन होते हैं?’

Aditya Thackeray News: महाराष्ट्र में नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में मुसलमानों की एंट्री को लेकर विवाद शुरू हो गया है। विश्व हिंदू परिषद की ओर से इस तरह के आयोजनों में मुस्लिमों के प्रवेश पर रोक की बात कही गई है। अब शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने इस फैसले का विरोध किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसी को हिंदुत्व का सर्टिफिकेट देने वाले ये लोग कौन होते हैं। आदित्य ठाकरे ने कहा, ''हमें हिंदुत्व का सर्टिफिकेट देने वाले ये कौन होते हैं? ये लोग कौन हैं?''

आदित्य ठाकरे ने क्या कहा?

शिवसेना (यूबीटी) के नेता और विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा, “मुंबई में चाहे गरबा हो, नवरात्रि हो, दही हांडी हो या गणपति उत्सव, यहां आपको दिखने वाले सभी लोगों की पहली पहचान मुंबईकर की है। वे चाहे कोई भी भाषा बोलते हों, किसी भी राज्य से आए हों, उनका धर्म या जाति कुछ भी हो। वे बप्पा के लिए आते हैं। वे किसी खास व्यक्ति के लिए नहीं आते। बप्पा सबके हैं।”

VHP ने गरबा-डांडिया आयोजकों के लिए जारी की गाइडलाइंस

विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता और संयुक्त सचिव श्रीराज नैयर के मुताबिक, संगठन ने गरबा और डांडिया आयोजनों को लेकर कुछ गाइडलाइंस तैयार की हैं। इन गाइडलाइंस में आयोजकों से मुस्लिमों की एंट्री रोकने की बात कही गई है। VHP का कहना है कि इन आयोजनों की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।