Afghanistan vs Ireland: अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 3 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में अपनी जगह पक्की कर ली और अब उसकी नजरें वर्ल्ड कप की तैयारियों पर होंगी।
राशिद खान ने किया शानदार प्रदर्शन
बेलफास्ट में खेले गए तीसरे वनडे में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम ने आयरलैंड को 46.3 ओवर में 206 रन पर ऑलआउट कर दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने 44.5 ओवर में 7 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। राशिद खान ने 37 रन की नाबाद पारी खेलने के साथ गेंदबाजी में भी 3 विकेट चटकाकर अहम योगदान दिया।
अफगानिस्तान ने हासिल किया वर्ल्ड कप का टिकट
अफगानिस्तान वनडे रैंकिंग में फिलहाल आठवें स्थान पर है और आयरलैंड के खिलाफ यह उसकी लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के साथ टीम 30 सितंबर 2026 की कटऑफ डेट तक टॉप-8 में बनी रहेगी, जिससे 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए उसका सीधा क्वालिफिकेशन तय हो गया है। अफगानिस्तान के सीधे क्वालिफाई करने के बाद वेस्टइंडीज का वर्ल्ड कप क्वालिफायर खेलना तय हो गया है।
वेस्टइंडीज के लिए सीधे क्वालिफिकेशन के दरवाजे बंद
वेस्टइंडीज को भारत के खिलाफ दो वनडे मैच खेलने हैं, लेकिन दोनों में जीत के बावजूद टीम वनडे रैंकिंग में टॉप-8 में जगह नहीं बना सकेगी। वेस्टइंडीज फिलहाल 10वें स्थान पर है। बता दें कि ICC ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप में 14 टीमों को शामिल करने का ऐलान किया है, जबकि 2023 के वर्ल्ड कप में 10 टीमों ने हिस्सा लिया था।

