होम = Breaking = आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 2 बड़े बस हादसे, दोनों हादसों में 34 यात्री हुए घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 2 बड़े बस हादसे, दोनों हादसों में 34 यात्री हुए घायल

Unnao Bus Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग बस हादसे हुए। दोनों दुर्घटनाओं में कुल 34 यात्री घायल हो गए। शुरुआती जांच में हादसों की वजह बस चालकों को नींद की झपकी आना बताई जा रही है।

ड्राइवर को आई झपकी, ट्रक से टकराई बस

रविवार सुबह करीब 5 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 231 पर दिल्ली से गोंडा जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई और फिर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायलों को रेस्क्यू कर सीएचसी बांगरमऊ पहुंचाया।

दूसरे हादसे में बेकाबू बस खंती में पलटी

करीब एक घंटे बाद बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 246 पर दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक और यात्री बस डिवाइडर से टकराकर खंती में पलट गई। हादसे में घायल यात्रियों को एंबुलेंस से सीएचसी बांगरमऊ भेजा गया। दोनों हादसों में करीब 50 यात्रियों के घायल होने की जानकारी है। गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। CO बांगरमऊ ने बताया कि दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।