Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने फुटपाथ पर सो रहे तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हैं। घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कुछ ही मिनटों में उसे गिरफ्तार कर लिया।
देवस्य स्कूल के पास हुआ हादसा
ट्रैफिक DCP नरेश कंजारिया के मुताबिक, हादसा निकोल इलाके में देवस्य स्कूल के पास हुआ। यहां फुटपाथ पर तीन लोग सो रहे थे, तभी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक महिला ने दम तोड़ दिया। दो अन्य का इलाज जारी है।
36 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, नशे की आशंका की जांच
हादसे के बाद चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने तलाश शुरू की और कुछ ही मिनटों में उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान 36 वर्षीय विरल चौधरी के रूप में हुई है, जो अहमदाबाद के नाना चिलोड़ा इलाके का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, इस बात की भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय वह नशे में था या नहीं। पुलिस यह पता लगा रही है कि गाड़ी चलाते वक्त उसने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं।
ये भी पढ़े: फतेहपुर में राज्यमंत्री की बहन से मारपीट, 96 बीघे जमीन के विवाद में हवाई फायरिंग का भी आरोप

