Air India CEO Campbell Wilson summoned: Air India के आउटगोइंग CEO कैंपबेल विल्सन को मंगलवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने तलब किया। AI2379 फ्लाइट में हुई गंभीर घटना और एयरलाइन से जुड़े लगातार सामने आ रहे परिचालन संबंधी मुद्दों के बीच सरकार ने निगरानी बढ़ा दी है। मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, बैठक में नागरिक उड्डयन सचिव के साथ AAIB और DGCA के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
AI2379 में 17 लोग हुए थे घायल
4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही Airbus A320 फ्लाइट AI2379 अचानक करीब 300 फीट नीचे चली गई थी। विमान में 137 यात्री, जिनमें तीन शिशु भी थे, और आठ क्रू सदस्य सवार थे। एयर इंडिया ने शुरुआत में इसे कुछ समय के लिए हुई टर्बुलेंस घटना बताया था, लेकिन DGCA ने इसे 'गंभीर घटना' घोषित कर जांच AAIB को सौंप दी। लैंडिंग के बाद 13 यात्री और चार केबिन क्रू सदस्य अस्पताल ले जाए गए। एयरलाइन के मुताबिक, पांच यात्रियों को छुट्टी मिल चुकी थी, जबकि अन्य का इलाज और निगरानी जारी थी। विमान का Flight Data Recorder और Cockpit Voice Recorder सुरक्षित कर लिए गए हैं।
तकनीकी गड़बड़ी की भी जांच
जांच अब उन रिपोर्टों तक पहुंच गई है जिनमें ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट और हाइड्रोलिक सिस्टम से जुड़ी समस्याओं की बात कही गई है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांचकर्ता विमान के सिस्टम, फ्लाइट डेटा और कॉकपिट रिकॉर्डिंग की जांच कर रहे हैं। सोशल मीडिया वीडियो में केबिन के अंदर नुकसान दिखाई देने का दावा किया गया, जबकि यात्रियों ने अचानक गिरावट और कई मिनट तक तेज झटकों की बात कही।
दोनों पायलटों का अनिवार्य साइकोएक्टिव पदार्थ परीक्षण भी हुआ। कमांडिंग पायलट की शुरुआती स्क्रीनिंग में पुष्टि के लिए लैब टेस्ट की जरूरत पड़ी और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है। DGCA ने जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया है। AAIB की जांच में Airbus और फ्रांस की BEA भी सहयोग करेंगे।
नेतृत्व परिवर्तन के बीच बढ़ी निगरानी
Tata Group की Air India पहले से ही नियामकीय जांच, परिचालन बाधाओं, विमानों की कमी और पिछले साल के अहमदाबाद-लंदन हादसे के असर से जूझ रही है। विल्सन अप्रैल में इस्तीफा दे चुके हैं और 30 सितंबर को उनका नोटिस पीरियड पूरा होगा। उनकी जगह पूर्व Ethiopian Airlines प्रमुख टेवोल्डे गेब्रेमरियम को CEO बनाया जाना है, हालांकि उनके कार्यभार संभालने की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। सरकार की समीक्षा में सुरक्षा निगरानी, परिचालन विश्वसनीयता और AI2379 जैसी घटनाओं पर एयरलाइन की प्रतिक्रिया व्यवस्था पर मुख्य रूप से ध्यान दिया जाएगा।
ये भी पढ़े: कांगो में इबोला का कहर तेज, 4,381 मामले और 2,011 मौतें; बुंडीबुग्यो स्ट्रेन ने बढ़ाई चिंता

