Air India Phuket Delhi Flight Turbulence: एयर इंडिया की फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 सोमवार को गंभीर टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान विमान करीब 300 फीट नीचे गिरा, जिससे कम से कम 12 यात्रियों को मामूली चोटें आईं। दिल्ली पहुंचने पर सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया और घायलों को एयरपोर्ट की मेडिकल सुविधा में इलाज दिया गया।
टर्बुलेंस से विमान में मची अफरा-तफरी
एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हर जरूरी सहायता दी जा रही है और घटना की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर विमान के अंदर के कुछ वीडियो भी वायरल हैं, जिनमें टर्बुलेंस के असर से केबिन की छत में दरारें दिखाई देने का दावा किया गया है।
ANI से बातचीत में एक यात्री ने बताया कि उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद अचानक जोरदार झटका लगा। ज्यादातर यात्री उस समय सो रहे थे। उनके मुताबिक, विमान अचानक नीचे गिरा और करीब 2-3 मिनट तक बुरी तरह हिलता रहा, जिससे कई लोग घायल हुए। यात्री ने दावा किया कि अधिकांश लोग प्रभावित हुए और एयर इंडिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिछले साल भी सामने आया था ऐसा मामला
यह घटना उस घटना के एक साल से अधिक समय बाद हुई है, जब दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो फ्लाइट लैंडिंग के दौरान तेज ओलावृष्टि से पैदा हुए टर्बुलेंस में फंस गई थी। विमान का नोज कोन क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय केबिन के वीडियो भी वायरल हुए थे, जिनमें विमान के जोरदार झटकों के बीच यात्री डरकर चीखते और प्रार्थना करते नजर आए थे।
ये भी पढ़े: 18 साल की उम्र में बने दुनिया के सबसे कम उम्र के पुरुष प्रोफेसर, 306 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

