Ajinkya Rahane Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 38 वर्षीय रहाणे ने गुरुवार को तत्काल प्रभाव से संन्यास का ऐलान करते हुए कहा कि अब उनके लिए आगे बढ़ने का सही समय है। रहाणे ने अपने करीब एक दशक लंबे करियर में भारत के लिए कई यादगार पारियां खेलीं।
'आगे बढ़ने का यही सही समय'
अजिंक्य रहाणे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए अपने संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने लिखा, "आज मुझे लगता है कि मेरे लिए आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा करने का सही समय है।" रहाणे ने अपने क्रिकेट सफर में मिले समर्थन और प्यार के लिए फैंस, साथियों और परिवार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के लिए खेलना उनके लिए हमेशा गर्व और सम्मान की बात रहेगी।
टीम इंडिया से बाहर रहने के बाद भी घरेलू क्रिकेट में जारी रखा सफर
नेशनल सेलेक्टर्स की योजनाओं से बाहर होने के बावजूद अजिंक्य रहाणे ने घरेलू क्रिकेट में अपनी सक्रियता बनाए रखी। उन्होंने 2024-25 सीजन तक मुंबई टीम की कप्तानी की और युवा खिलाड़ियों के साथ अपना अनुभव साझा किया। इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर रहने के बाद भी रहाणे ने घरेलू स्तर पर लगातार योगदान दिया।

