Akhilesh Yadav News: गठबंधन पर सीधे जवाब देने से बचते हुए उन्होंने कहा कि अभी चुनाव दूर हैं, हालांकि लोकसभा में दोनों दल साथ हैं। उनके इस बयान के बाद यूपी में INDIA गठबंधन के भविष्य को लेकर नया सस्पेंस खड़ा हो गया है।
गठबंधन पर टाल गए सीधा जवाब
जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करेगी, तो उन्होंने सीधे जवाब देने से परहेज किया। हल्की मुस्कान के साथ उन्होंने कहा, "अभी चुनाव दूर हैं, लेकिन लोकसभा में हम लोग साथ हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष एकजुट है और जल्द ही INDIA गठबंधन की बैठक होने वाली है। अखिलेश के मुताबिक, बैठक में सभी सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे और जो भी फैसला होगा, उसकी जानकारी सार्वजनिक कर दी जाएगी।
ओवैसी की अपील पर क्या बोले अखिलेश?
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन वाले बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि किसी से उलझने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दोहराया कि समाजवादी पार्टी पीडीए, सामाजिक न्याय और संविधान के तहत अधिकार दिलाने के अपने एजेंडे पर आगे बढ़ती रहेगी। अखिलेश ने दावा किया कि मौजूदा गठबंधन ने हालिया चुनावों में बीजेपी को कई अहम सीटों पर हराया है और आगे भी इसी रास्ते पर चलेंगे।

