Thursday, Sep 03

होम = State = मासूम उर्मी ने गोद में तोड़ा दम: अलीगढ़ में परिवार का जाम में फंसने का आरोप, पुलिस ने किया रिएक्ट

मासूम उर्मी ने गोद में तोड़ा दम: अलीगढ़ में परिवार का जाम में फंसने का आरोप, पुलिस ने किया रिएक्ट

Aligarh Urmi Death Case: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के खैर क्षेत्र में छह साल की बच्ची की मौत के बाद जाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। परिजनों का आरोप है कि तेज बुखार से पीड़ित उर्मी को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में भारी जाम मिल गया, जिसके कारण इलाज में देरी हुई और बच्ची ने चाचा की गोद में दम तोड़ दिया। वहीं, खैर पुलिस ने इन दावों को भ्रामक और असत्य बताया है।

2 सितंबर को बिगड़ी थी तबीयत

परिजनों के मुताबिक उर्मी कई दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थी। 2 सितंबर को उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद बच्ची के चाचा वीरपाल उसे मोटरसाइकिल से खैर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने लगे। परिवार का दावा है कि टेंटी गांव तिराहे और खैर कस्बे के आसपास भारी जाम के कारण उन्हें काफी देर तक रास्ते में फंसे रहना पड़ा। परिजनों के अनुसार, जाम से बचने के लिए गलियों का रास्ता भी अपनाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक बच्ची की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। सीएचसी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने जाम की बात को नकारा

इस मामले में खैर पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर परिवार के जाम में फंसने के दावे का खंडन किया है। पुलिस के मुताबिक बच्ची 28 अगस्त से बीमार थी और 2 सितंबर को तबीयत बिगड़ने पर परिजन पहले डॉ. अशोक और फिर मोहिनी अस्पताल लेकर गए थे। वहां से रेफर किए जाने के बाद वे सीएचसी खैर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि बच्ची के पिता और चाचा ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से श्रीराम कॉलेज और करबन नदी पुल के रास्ते गए थे और इस दौरान कहीं भी जाम में नहीं फंसे।

बीमारी और तेज बुखार से मौत का दावा

पुलिस के अनुसार, उर्मी की मौत गंभीर बीमारी और तेज बुखार के कारण हुई है। पुलिस ने जाम की वजह से इलाज में देरी होने के दावे को गलत बताया है। फिलहाल बच्ची की मौत को लेकर परिवार और पुलिस के बयानों में अंतर सामने आया है। मामले को लेकर पुलिस की ओर से जारी स्पष्टीकरण के बाद जाम को मौत की वजह बताए जाने पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/abhinandan-varthaman-f16-shootdown-fly91-pilot/